
Namit Malhotra On Ramayana OTT Release: रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' इस समय बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म को लेकर लोगों का क्रेज इस कदर है कि इसने भारत में 1,015.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर डाला है। हर रोज फिल्म इतिहास रच रही है। इसी बीच काफी समय से रामायण को लेकर चर्चा थी कि ये ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर आएगी। लेकिन अब खुद प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इसकी रिलीज पर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म के डिजिटल राइट्स अभी तक किसी को भी नहीं बेचे गए हैं।
पहले सभी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि JioHotstar ने 450 करोड़ रुपये की बड़ी डील में इस फिल्म के राइट्स खरीद लिए हैं, लेकिन नमित मल्होत्रा ने बता दिया है कि अभी फिल्म के OTT रिलीज का कोई प्लान नहीं है और न ही किसी प्लेटफॉर्म को राइट्स बेचे गए हैं।
नमित मल्होत्रा ने DD न्यूज से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने फिल्म के रिलीज प्लान पर जानकारी दी। जब होस्ट ने उनसे पूछा कि फिल्म रामायण को किस OTT प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा, तो उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी तय या स्टैंडर्ड प्रोसेस के तहत फिल्म को OTT पर नहीं लाया जा रहा है और अभी सिर्फ बातचीत चल रही है। नमित के मुताबिक, उनकी इच्छा है कि दर्शक फिल्म की कहानी, विजुअल्स और संगीत का अनुभव बड़े पर्दे पर ही करें।
नमित मल्होत्रा ने साफ कहा कि OTT पर फिल्म काफी महीनों बाद आएगी और अभी इसे लेकर कोई तात्कालिक योजना भी नहीं है। नमित मल्होत्रा ने दोहराया कि उन्होंने आज तक किसी को भी OTT के राइट्स नहीं बेचे हैं। उनका मानना है कि जब तक यह फिल्म सिनेमाघरों में है, दर्शक थिएटर में जाकर इसका आनंद लें। आगे चलकर जब OTT पर आनी होगी तब आएगी, लेकिन आज की तारीख में न तो कोई डील हुई है और न ही आज, कल या परसों में किसी तरह का सौदा करने का उनका कोई इरादा है।
OTT से जुड़ी स्पष्टता के साथ-साथ फिल्म के दूसरे हिस्से को लेकर भी अहम अपडेट सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक, 'रामायण' का पार्ट 2, जो पहले दिवाली 2027 में रिलीज होने वाला था, अब आगे बढ़ा दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म अब दिवाली 2028 में बड़े पर्दे पर दस्तक दे सकती है।
बहरहाल, नमित मल्होत्रा के इस बयान ने यह साफ कर दिया है कि मेकर्स का पूरा फोकस फिलहाल सिनेमाई अनुभव पर है, और OTT को लेकर दर्शकों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।