
Ranbir Kapoor Ramayana First Look: नितेश तिवारी की फिल्म रामायण काफी समय से सुर्खियों में हैं। अब माइथोलॉजिकल फिल्म ‘रामायण’ का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है। इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जो 2 भाग में रिलीज होगी। फिल्म में राम के रोल में रणबीर कपूर हैं तो वहीं रावण के रोल में साउथ एक्टर यश नजर आएंगे। इस फिल्म के पहले कई फोटो लीक होकर वायरल हो चुकी हैं, लेकिन अब फिल्म का टीजर जारी कर दिया गया है। आइये जानते हैं इस टीजर में क्या-क्या दिखा…
3 जुलाई यानी गुरुवार के दिन रामायण फिल्म का इंट्रोडक्शन वीडियो रिलीज किया गया है। ये वीडियो बड़ी-बड़ी फिल्मों के ट्रेलर जैसा ही है। इस वीडियो में रामायण की कहानी के कुछ बेहद खूबसूरत और भव्य दृश्य दिखाए गए हैं, इसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी की केमिस्ट्री, यश का दमदार लुक और शानदार वीएफएक्स शामिल है।
फिल्म के टीजर में राम बने रणबीर कपूर को पेड़ों के ऊपर चढ़कर तीर मारते हुए दिखाया गया है। साथ ही यश जो रावण बने हैं उनकी एक आंख दिखाई गई है या यूं कहें कि एक दमदार झलक आखिरकार सामने आ ही गई है। आधिकारिक टीजर रिलीज के साथ ही कैप्शन भी दिया गया है। जिसमें लिखा है, "दस साल की आकांक्षा। दुनिया के सबसे महान महाकाव्य को दुनिया के सामने लाने का अथक दृढ़ विश्वास। दुनिया के कुछ बेहतरीन लोगों के सहयोग से यह सुनिश्चित करने का नतीजा कि रामायण को सबसे ज़्यादा श्रद्धा और सम्मान के साथ पेश किया जाए। शुरुआत में आपका स्वागत है। आइए राम बनाम रावण की अमर कहानी का जश्न मनाएं।"
थोड़ा विस्तार से बता दें कि ये कहानी उस दौर की है जब समय का कोई नामो-निशान नहीं था। ब्रह्मांड का संतुलन तीन शक्तियों के हाथ में था ब्रह्मा (जो रचते हैं), विष्णु (जो संभालते हैं) और शिव (जो खत्म करते हैं)। इन तीनों की वजह से देवता, ऋषि, इंसान और राक्षस सब शांति से रहते थे, लेकिन इसी संतुलन की राख से एक ऐसी ताकत उठती है, जैसी पहले कभी नहीं देखी गई।
एक ऐसा राक्षस बालक जन्म लेता है, जिसकी कोई उम्मीद नहीं करता और वही बन जाता है रावण। सबसे डरावना और अजेय राजा, जिसकी दहाड़ से आसमान कांप उठता है. उसका मकसद साफ है, उस विष्णु को खत्म करना, जो हमेशा उसकी जाति के खिलाफ खड़े हुए। इसे रोकने के लिए विष्णु खुद धरती पर आते हैं, लेकिन अपनी सबसे कमजोर रूप में यानी एक इंसानी राजकुमार के रूप में, जिसका नाम राम है। यहीं से शुरू होती है राम बनाम रावण की लड़ाई। नितेश तिवारी की रामायण में यही देखने को मिलने वाला है। फिल्म ‘रामायण’ दिवाली 2026 पर रिलीज होगी, वहीं इसका दूसरा भाग साल 2027 में आएगा।
रामायण में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी, सनी देओल और यश के साथ कई बेहतरीन कलाकार शामिल हैं। लक्ष्मण की भूमिका में रवि दुबे हैं, जबकि कैकेयी की भूमिका में लारा दत्ता हैं। शूर्पणखा की भूमिका में रकुल प्रीत सिंह और मंदोदरी की भूमिका में काजल अग्रवाल भी शामिल हैं।