
india music summit 2018 का समापन रविवार को हो गया। राजस्थान पत्रिका की पेट्रनशिप में आमेर के कूकस स्थित फेयरमॉन्ट होटल में तीन दिनों तक चले इस म्यूजिक समिट में कई कलाकारों ने अपने सुरों के रंग बिखेरे। आखिरी दिन मॉर्निंग कार्यक्रम की शुरुआत देबोप्रिया और शुचोस्मिता चटर्जी के कार्यक्रम से हुई। इन्हें फ्लूट सिस्टर्स के नाम से भी जाना जाता है। इन्होंने अपनी बांसुरी की धुन से माहौल को क्लासिकल रंग से सरोबार कर दिया।
शिष्यों के साथ पंडित छन्नूलाल मिश्र ने दी प्रस्तुति:
इसके बाद ठुमरी के लब्धप्रतिष्ठ गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र ने अपने शिष्यों के साथ प्रस्तुति दी। उन्होंने राग नट भैरव से शुरूआत की। उन्होंने ठुमरी और दादरा सुनाकर श्रोताओं को मंत्रगुग्ध कर दिया। उन्होंने नवरात्रि के मौके पर मां दुर्गा की स्तुति भी सुनाई।
कार्यक्रम के आखिरी में उन्होंने राधिका होली गीत 'नंद के लाल पर रंग डारूंगी' गाया। साथ ही उन्होंने भगवान शंकर का भी होली गीत सुनाय। इसके बाद आर. प्रस्साना का कॉन्सर्ट हुआ। उन्होंने गिटार की धुनों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।