
Pankaj Tripathi Mother Dies: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पंकज त्रिपाठी और उनके परिवार पर इस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक्टर की मां श्रीमती हेमवंती देवी का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार को अंतिम सांस ली थी। लगभग 2 दिन बाद उनके परिवार ने रविवार यानी आज 2 नवंबर को आधिकारिक बयान जारी करते हुए इस दुखद खबर की पुष्टि की है। जैसे ही ये खबर सोशल मीडिया पर आई हर कोई हैरान रह गया। लोग अपने फेवरेट एक्टर की मां को श्रद्धांजलि देने लगे।
मिड डे की खबर के अनुसार, पंकज त्रिपाठी की मां श्रीमती हेमवंती देवी का निधन बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड में उनके पैतृक घर पर हुआ है। परिवार ने जो आधिकारिक बयान में जारी किया है उसमें उन्होंने बताया है कि मां 89 साल की थीं और पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने कहा, “हमें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि श्री पंकज त्रिपाठी की प्रिय माता श्रीमती हेमवंती देवी का शुक्रवार को बेलसंड स्थित पैतृक निवास पर निधन हो गया... उन्होंने अपने प्रियजनों के बीच नींद में ही अंतिम सांस ली। पंकज त्रिपाठी उनके अंतिम क्षणों में उनके साथ मौजूद थे।”
श्रीमती हेमवंती देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को बेलसंड में किया गया है। इस दौरान परिवार के करीबी सदस्य, रिश्तेदार और दोस्त उनके साथ थे। साथ ही परिवार ने इस कठिन समय में सभी शुभचिंतकों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है और अनुरोध किया है कि वे दिवंगत श्रीमती हेमवंती देवी को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। पंकज त्रिपाठी के फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस दुख की घड़ी में उनके और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।