Sunidhi Chauhan Concert Controversy: गोवा में 25 जनवरी को होने वाले सुनिधि चौहान के ‘द अल्टीमेट सुनिधि लाइव’ कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने सख्त एडवाइजरी जारी की है। इस नोटिस में सुनिधि को आपत्तिजनक गानों पर परफॉर्म ना करने की हिदायत दी गयी है।
Sunidhi Chauhan Concert Controversy: मशहूर प्लेबैक सिंगर सुनिधि चौहान ने अपनी दमदार आवाज, सुपरहिट गानों और हर जॉनर में गाने की काबिलियत से इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक हिट गाने दिए हैं और आज वह न सिर्फ फिल्मों में बल्कि लाइव कॉन्सर्ट्स के जरिए भी दर्शकों का दिल जीत रही हैं। पर अब सुनिधि का एक अपकमिंग कॉन्सर्ट विवादों में आ गया है।
सुनिधि चौहान 25 जनवरी को गोवा में ‘द अल्टीमेट सुनिधि लाइव’ कॉन्सर्ट करने वाली हैं, लेकिन इस कॉन्सर्ट को लेकर गोवा प्रशासन ने एक सख्त नोटिस जारी किया है। जारी की गई एडवाइजरी में साफ तौर पर निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम के दौरान ऐसे गाने न गाए जाएं, जो तंबाकू, धूम्रपान या शराब जैसी बुराइयों को बढ़ावा देते हों।
यह फैसला खास तौर पर इसलिए लिया गया है क्योंकि कॉन्सर्ट में 5 साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों को एंट्री देने की अनुमति है। प्रशासन ने बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
दरअसल, चंडीगढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनवर की शिकायत के बाद गोवा में 25 जनवरी को होने वाले सुनिधि चौहान के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। इसके बाद दक्षिण गोवा जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने कॉन्सर्ट आयोजकों के लिए एक प्रिवेंटिव एडवाइजरी जारी की।
एडवाइजरी में खास तौर पर सुनिधि चौहान के मशहूर गानों ‘बीड़ी जलाइले’ और ‘शराबी’ का जिक्र किया गया है। प्रशासन का मानना है कि ये गाने तंबाकू और शराब के सेवन को बढ़ावा देते हैं, जिससे बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन) एक्ट, 2015 की धारा 3(IV) का हवाला देते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े हर फैसले में उनके शारीरिक, मानसिक, नैतिक और भावनात्मक हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सुनिधि चौहान पहली कलाकार नहीं हैं, जिन्हें इस तरह की एडवाइजरी का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले दिलजीत दोसांझ, करण औजला और कोल्डप्ले को भी डॉ. पंडितराव की शिकायतों के आधार पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
सुनिधि चौहान ने हाल के सालों में ‘ड्रीम गर्ल 2’, ‘तू झूठी मैं मक्कार’, ‘खुफिया’ फिल्मों में अपनी आवाज दी है। इसके अलावा विक्रमादित्य मोटवानी की वेब सीरीज ‘जुबली’, जो 2023 में रिलीज हुई थी, उसमें भी उनकी गायकी को काफी सराहा गया।
फिलहाल सुनिधि अपने लाइव कॉन्सर्ट टूर को लेकर देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म कर रही हैं।