बॉलीवुड

‘आर्टिस्ट का हक क्यों खा रहे हैं?’, रैपर ने बिग बॉस विजेता प्रिंस नरूला पर लगाए गंभीर आरोप, पैसे के लेन-देने का मामला

Rapper Accusation On Prince Narula: रैपर हिटजोन ने हाल ही में प्रिंस नरूला पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें उनका पेमेंट नहीं किया गया है।

2 min read
Jun 14, 2026
Rapper Accusation On Prince Narula
Rapper Accusation On Prince Narula (सोर्स- @hitzone37)

Rapper Hitzone Accusation On Prince Narula: रियलिटी शो की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके प्रिंस नरूला इन दिनों एक नए विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। दरअसल रैपर हिटजोन ने प्रिंस नरूला पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्होंने साथ में किए गए गानों का भुगतान अब तक नहीं किया है। इतना ही नहीं, हिटजोन ने अपनी बात साबित करने के लिए कथित वॉइस नोट्स और बातचीत भी सार्वजनिक कर दिए। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

हिटजोन ने प्रिंस पर लगाए आरोप

हिटजोन का कहना है कि उन्होंने पिछले एक साल से अधिक समय में प्रिंस नरूला के साथ कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर काम किया। इनमें रिलीज हो चुका चर्चित गाना ‘बैंग बैंग’ भी शामिल है। रैपर के मुताबिक उन्होंने न केवल गानों में अपनी आवाज और रचनात्मक योगदान दिया, बल्कि कई ट्रैक्स के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बावजूद उन्हें उनके काम का तय भुगतान नहीं मिला।

अस्पताल के बिल और बढ़ी परेशानी

हिटजोन ने अपने वीडियो में दावा किया कि हाल ही में उन्हें कुछ मेडिकल खर्चों का सामना करना पड़ा। ऐसे समय में उन्होंने प्रिंस नरूला से अपने बकाया भुगतान की मांग की। लेकिन उनकी उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। रैपर के अनुसार जब उन्होंने पैसे की बात की तो उन्हें ऐसा जवाब मिला जिससे वे हैरान रह गए।

हिटजोन का कहना है कि किसी कलाकार के लिए केवल क्रेडिट लाइन या नाम का उल्लेख काफी नहीं होता। असली जरूरत उस मेहनत की आर्थिक कीमत होती है, जिससे वह अपने जीवन और जिम्मेदारियों को संभाल सके। इसी कारण उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने का फैसला किया।

मैनेजमेंट से लेकर सीधे संपर्क तक

रैपर ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने प्रिंस की टीम और मैनेजर से संपर्क साधा। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि मामला सुलझ जाएगा और भुगतान को लेकर चर्चा होगी। लेकिन समय बीतता गया और स्थिति जस की तस बनी रही। हिटज़ोन का आरोप है कि बार-बार फॉलोअप करने के बाद भी उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

उनके अनुसार कुछ गाने अभी रिलीज भी नहीं हुए हैं, लेकिन उनकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। ऐसे में उन्हें उम्मीद थी कि प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ आर्थिक पहलुओं को भी गंभीरता से लिया जाएगा।

मुनव्वर फारूकी का भी लिया सहारा

हिटजोन ने दावा किया कि जब बातचीत से कोई नतीजा नहीं निकला तो उन्होंने कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर मुनव्वर फारूकी से मदद मांगी। कथित तौर पर मुनव्वर ने भी इस मामले में बातचीत कराने की कोशिश की। हालांकि रैपर का कहना है कि इसके बाद भी भुगतान का मुद्दा हल नहीं हुआ।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

जैसे ही हिटजोन का वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। फिलहाल प्रिंस नरूला की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

‘बैंग बैंग’ से शुरू हुआ विवाद

विवाद के केंद्र में मौजूद ‘बैंग बैंग’ गाना इस साल फरवरी में रिलीज हुआ था। गाने को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इसे लाखों व्यूज भी मिले। लेकिन अब उसी गाने को लेकर भुगतान का सवाल उठने से म्यूजिक इंडस्ट्री में कलाकारों के अधिकार और पारदर्शिता पर नई चर्चा शुरू हो गई है।

Published on:
14 Jun 2026 12:38 pm