Priya Bakshi Alleges Auto Driver In Mumbai: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रिया बख्शी ने हाल ही में अपने साथ हुई डरावनी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
Priya Bakshi Alleges Auto Driver In Mumbai: मुंबई जैसे महानगर को सपनों की नगरी कहा जाता है, जहां हर दिन हजारों लोग अपने करियर और बेहतर भविष्य की तलाश में आते हैं। लेकिन इसी शहर में सुरक्षा और संवेदनशीलता को लेकर सवाल भी उठते रहे हैं। हाल ही में अभिनेत्री प्रिया बख्शी ने अपने साथ हुई एक घटना का जिक्र कर बहस छेड़ दी है।
बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल प्रिया बख्शी ने मुंबई के बांद्रा इलाके में हुए एक कथित घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ऑटो चालक ने गलत रास्ता लिया और रोकने की गुजारिश के बावजूद वाहन नहीं रोका।
प्रिया बख्शी, जिन्होंने फिल्म 'जेएनयू जहांगीर नेशनल यूनिवर्सिटी' से बॉलीवुड में कदम रखा था, उन्होंने बताया कि वो रात के समय बांद्रा से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक ऑटो लिया। उनका आरोप है कि चालक ने तय मार्ग के बजाय दूसरी दिशा पकड़ ली।
वीडियो में वो काफी घबराई हुई नजर आती हैं और चालक से लगातार ऑटो रोकने की अपील करती सुनाई देती हैं। उनका कहना था कि जिस रास्ते से उन्हें ले जाया जा रहा था, वो उनके लिए अनजान था। यहां तक कि मैप पर भी वो रास्ता नहीं दिख रहा था। इसके बावजूद चालक ने कथित तौर पर अपने रास्ते को सही बताया।
जब प्रिया ने ड्राइवर से सवाल किया कि वह किस दिशा में जा रहा है, तो उनके अनुसार चालक ने नाराजगी जताते हुए उल्टा उनसे ही रास्ते की जानकारी पर सवाल उठाया। अभिनेत्री का कहना है कि उन्होंने कई बार वाहन रोकने को कहा और पुलिस को फोन करने की चेतावनी भी दी।
आखिरकार ऑटो रोक दिया गया, लेकिन इस दौरान कथित रूप से चालक ने क्षेत्रीय टिप्पणी भी की। वीडियो में ऑटो से उतरने के बाद प्रिया भावुक और आक्रोशित दिखती हैं। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जाता है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ लोगों ने अभिनेत्री के साहस की सराहना की, तो कुछ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रिया ने अपने पोस्ट में लिखा कि किसी शहर से अनजान होना कमजोरी नहीं है और सवाल पूछना गलत नहीं माना जाना चाहिए।