
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपनी आने वाली फिल्म में चार अलग-अलग लुक में नजर आएंगी। प्रियंका चोपड़ा की अंतिम फिल्म 'जय गंगाजल' वर्ष 2016 में प्रदर्शित हुई थी। वह काफी समय से हॉलीवुड में सक्रिय हैं लेकिन जल्द बॉलीवुड में कमबैक कर रही है। वह फिल्म'द स्काई इज पिंक' से वापसी करेंगी। प्रियंका ने पिछले दिनों फिल्म की शूटिंग शुरू की है। कहा जा रहा है कि फिल्म में उनके चार लुक होंगे।
30 साल की जर्नी पर्दे पर:
फिल्म में प्रियंका के किरदार की 30 साल की जर्नी को पर्दे पर दिखाया जाएगा। समय के साथ उनके लुक्स में जैसे-जैसे बदलाव होंगे उन्हें ही पर्दे पर दिखाया जाएगा। प्रियंका के लुक्स पर इन दिनों काम किया जा रहा है।
सलमान की फिल्म भारत में भी होते प्रियंका के पांच लुक:
सलमान खान की फिल्म 'भारत' में भी प्रियंका चोपड़ा जो भूमिका अदा करने वाली थीं, उसके भी फिल्म में पांच लुक होने वाले थे, लेकिन प्रियंका ने भारत की शूटिंग शुरू होने से पहले ही उसे छोड़ दिया। फिल्म द स्काई इज पिंक में प्रियंका के साथ फरहान अख्तर लीड रोल में हैं। यह फिल्म एक सच्ची घटना पर आधारित कहानी है। फिल्म में प्रियंका और फरहान एक ऐसी बच्ची के मां—बाप की भूमिका में होंगे जो रोग प्रतिरोधी क्षमता में कमी (एससीआईडी) नामक बीमारी से ग्रसित है।
आयशा चौधरी के जीवन पर आधारित:
यह फिल्म आयशा चौधरी के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने 'माय लिटिल इपिफनीज' नाम की एक किताब लिखी थी। आयशा चौधरी को 13 साल की उम्र में पल्मोनरी फाइब्रोसिस नामक बीमारी का खुलासा हुआ था। इसके बावजूद आयशा ने जीवन से संघर्ष की ठानी। उन्होंने मोटिवेशनल स्पीकर बन कर कई लोगों को निराशा से बाहर निकलने का रास्ता बताया और इसके लिए अपने जीवन के संघर्ष को आगे रखा। महज 18 साल की उम्र में 24 जनवरी 2015 को उनका निधन हो गया।