
नई दिल्ली | कपूर परिवार के एक और सदस्य का मंगलवार को निधन हो गया जो बॉलीवुड के लिए किसी बड़े सदमें से कम नहीं है। रणधीर कपूर समेत पूरा परिवार राजीव कपूर अंतिम दर्शन करने उनके घर पहुंचा। रणबीर कपूर अपने चाचा राजीव को कंधा देते हुए दिखाई दिए। राजीव कपूर का निधन हार्टअटैक से हुआ। कुछ वक्त से उनका इलाज चल रहा था जिसे लेकर वो अस्पताल में एडमिट थे। रणधीर कपूर को अस्पताल के बाहर मंगलवार को स्पॉट भी किया गया। वहीं कपूर मेंशन मे आलिया भट्ट से लेकर शाहरुख खान तक राजीव के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे। आलिया मालदीव में अपनी छुट्टियां मना रही थीं लेकिन ये खबर सुनते ही वो तुरंत रणबीर का साथ देने के लिए कपूर परिवार के साथ खड़ी नजर आईं।
करीना कपूर और करिश्मा कपूर को अपनी मां बबीता के साथ कपूर मेंशन पहुंची। इसके अलावा महीप कपूर, संजय कपूर, चंकी पांडेय, सोनाली बेंद्रे, तारा सुतारिया, नीतू कपूर, शाहरुख खान जैसे कई सेलेब्स ने कपूर मेंशन पहुंचकर राजीव कपूर को अंतिम विदाई दी। दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली करीना कपूर खान इस दौरान बेहद ही परेशान नजर आईं। उनकी आंखों में अपने चाचा को खोने का दुख साफ नजर आ रहा था। वहीं उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट भी किया है। उन्होंने ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, राजीव कपूर और राज कपूर की एक पुरानी ब्लैक एंड व्वाइट फोटो शेयर की है। करीना ने कैप्शन में लिखा- टूट गए लेकिन फिर भी स्ट्रॉन्ग हैं।
राजीव कपूर के अंतिम संस्कार से पहले रणबीर कपूर अपने चाचा को कंधा देते हुए भी दिखाई दिए। साथ में आदर जैन और अरमान जैन भी दिखाई दिए। गौरतलब हो कि कपूर परिवार के लिए राजीव कपूर का जाना किसी बड़े सदमें से कम नहीं है। कुछ ही महीने पहले ऋषि कपूर का निधन हुआ था। रणधीर कपूर के लिए ये एक साल के अंदर बड़ा झटका है। उन्होंने अपने दोनों भाईयों को खो दिया है।