
Rajpal Yadav Bail Plea Hearing Live Updates: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की जमानत याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में अहम सुनवाई हुई। दोपहर करीब 1 बजे हुई कार्यवाही के दौरान न्यायमूर्ति स्वर्णा शर्मा ने अभिनेता के पक्ष में पेश किए गए तर्कों पर गंभीर टिप्पणी की। अदालत ने पाया कि बचाव पक्ष की ओर से दो अलग-अलग बातें रखी गईं, जिस पर कोर्ट ने साफ रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई दोपहर 2:30 बजे होगी।
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने पहले कहा कि बकाया राशि सीधे शिकायतकर्ता को अदा की जाएगी। इस बात की पुष्टि स्वयं अभिनेता ने भी की। हालांकि, कुछ ही देर बाद उसी पक्ष की ओर से यह कहा गया कि रकम अदालत में जमा कराई जाएगी।
इन दो अलग-अलग बयानों पर न्यायालय ने आपत्ति जताई और कहा कि बचाव पक्ष को यह स्पष्ट करना होगा कि वह किस प्रक्रिया का पालन करना चाहता है। जस्टिस स्वर्णा शर्मा ने वकील को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई तक अपनी स्थिति स्पष्ट करें।
राजपाल यादव लंबे समय से एक चेक बाउंस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। यह विवाद कथित तौर पर फिल्म निर्माण से जुड़े एक वित्तीय लेनदेन से शुरू हुआ था, जिसमें करोड़ों रुपये का भुगतान समय पर नहीं हो सका। समय के साथ ब्याज और अन्य देनदारियों को मिलाकर कुल बकाया लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इस मामले में पहले भी अदालत ने राहत दी थी, लेकिन निर्धारित शर्तों का पालन न होने के कारण सख्ती दिखाई गई। हाल ही में अभिनेता ने अदालत के आदेश के बाद आत्मसमर्पण किया और फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।
राजपाल यादव की टीम अंतरिम जमानत की मांग कर रही है, ताकि वे अस्थायी रूप से जेल से बाहर आ सकें और वित्तीय दायित्वों को पूरा करने की दिशा में कदम उठा सकें। अदालत का रुख फिलहाल इस बात पर निर्भर करता दिख रहा है कि भुगतान की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट और ठोस आश्वासन दिया जाता है या नहीं।
फिल्म इंडस्ट्री के कई नामचीन कलाकार उनके समर्थन में सामने आए हैं और आर्थिक सहयोग की बात भी कही जा रही है। ऐसे में 2:30 बजे होने वाली अगली सुनवाई को बेहद अहम माना जा रहा है। अब देखना ये होगा कि बचाव पक्ष अदालत को संतुष्ट कर पाता है या नहीं। आने वाला फैसला राजपाल यादव के लिए बड़ी राहत या नई चुनौती दोनों में से कुछ भी साबित हो सकता है।