Ramayana Makers Reject 700 Crore Deal: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने बड़ी डील को रिजेक्ट कर दिया है।
Ramayana Makers Reject 700 Crore Deal: भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शुमार होने जा रही 'रामायण' को लेकर लगातार नई-नई खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में फिल्म के डिजिटल राइट्स को लेकर ऐसा फैसला सामने आया है जिसने पूरी इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। खबर है कि निर्माता नमित मल्होत्रा ने करीब 700 करोड़ रुपये का बड़ा ओटीटी ऑफर ठुकरा दिया है और अब इससे भी बड़ी डील का इंतजार कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि निर्देशक नितेश तिवारी की ये फिल्म दो हिस्सों में बनाई जा रही है और इसका कुल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। इतने विशाल बजट के कारण मेकर्स फिल्म के हर अधिकार को सोच-समझकर बेचने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
फिल्म के टीजर में रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में पहली बार देखने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। शानदार विजुअल्स और भव्य सेट्स ने यह संकेत दे दिया है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के स्केल को नई ऊंचाई देने वाली है।
इसी वजह से निर्माता जल्दबाजी में डिजिटल अधिकार बेचने के बजाय सही समय और सही प्लेटफॉर्म का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फिल्म की वास्तविक क्षमता के अनुरूप सौदा हो सके।
सूत्रों के मुताबिक, मेकर्स को दो भागों की इस फिल्म के डिजिटल अधिकारों के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मिला था, लेकिन टीम का मानना है कि यह फिल्म आने वाली पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी। इसलिए वे कम से कम 1000 करोड़ रुपये की डील का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म के अधिकारों को चरणबद्ध तरीके से बेचने की रणनीति भी अपनाई जा सकती है। संभव है कि पहले भाग के अधिकार पहले जारी किए जाएं और दूसरे भाग के अधिकार रिलीज के बाद अलग से तय किए जाएं। इस रणनीति से फिल्म के मूल्य को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस महागाथा में साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं सनी देवोल भगवान हनुमान के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा यश भी इस भव्य प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा बताए जा रहे हैं। इतनी बड़ी स्टारकास्ट और विशाल बजट के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों और ट्रेड एनालिस्ट्स की उम्मीदें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी चल रही है। मेकर्स का मानना है कि यह फिल्म सिर्फ एक मनोरंजन प्रोजेक्ट नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा को वैश्विक स्तर पर पेश करने वाला सिनेमाई अनुभव साबित होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘रामायण’ वाकई भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओटीटी डील हासिल कर पाती है या नहीं।