
नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है। दोनों को बॉलीवुड का पावर कपल कहा जाता है। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं। छह साल रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने साल 2018 में शादी कर ली। अब दोनों अपनी शादीशुदा लाइफ एंजॉय कर रहे हैं। हालांकि, दीपिका को अपनी दुल्हनिया बनाने के लिए रणवीर सिंह ने काफी मेहनत की है। वह उन्हें इंप्रेस करने का एक भी मौका नहीं छोड़ते थे। एक बार तो उनके पापा उनले बोल पड़े थे कि तुम दीपिका के ऊपर इतने पैसे क्यों उड़ाते हो?
दीपिका को भेजते थे फूल
इस बारे में खुद रणवीर सिंह ने बताया था। एक बार उन्होंने इंडियन फुटबॉल स्टार सुनील छेत्री के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव आकर बातचीत की थी। इसमें सुनील छेत्री ने रणवीर से दीपिका के बारे में भी पूछा था। उन्होंने उन फूलों का भी जिक्र किया जब वह एक पार्टी में दीपिका के पीछे फूल लेकर जाते थे।
पिता ने पैसे खर्च पर टोका
इस पर रणवीर ने उन्हें बताया, 'मैं अपने रिलेशनशिप में शुरुआती छह महीनों में ही ये समझ चुका था कि मुझे दीपिका से ही शादी करनी है। इस दौरान मुझे पता चला कि उन्हें लिलि फूल बहुत पसंद है। ऐसे में मैं उन्हें इंप्रेस करने के लिए हमेशा फूल भेजा करता था। जब दीपिका शूट कर रही होती थी, तब मैं उनके लिए फूल लेकर जाता था। एक दिन मेरे पिता मुझसे बोल पड़े कि क्या तुमको एहसास भी है कि तुम फूलों पर कितना पैसा खर्च कर रहे हो? इस पर मैंने उन्हें जवाब दिया कि लक्ष्मी के अवतार में छप्पर फाड़ के वापस आएंगे।'
शूटिंग के दौरान प्यार चढ़ा परवान
रणवीर का इंप्रेस करने का ये तरीका काम भी आ गया। दोनों ने छह साल की डेटिंग के बाद शादी कर ली। बता दें कि दीपिका और रणवीर पहली बार फिल्म 'गोलियों की रासलीला: रामलीला' में नजर आए थे। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों का प्यार परवान चढ़ा था। इसके बाद दोनों ने कई हिट फिल्मों में काम किया। वर्क फ्रंट की बात करें तो जल्द ही दोनों फिल्म '83' में नजर आएंगे। इस फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव का रोल निभाएंगे। वहीं, दीपिका उनकी पत्नी के किरदार में दिखेंगी। फिल्म के लिए दोनों के फैंस काफी एक्साइटिड हैं।