रविवार को मुंबई में एक दोस्ताना फुटबॉल मैच के दौरान रणवीर सिंह और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मस्ती करते देखा गया। दोनों एक-दूसरे को गले लगाए हंस रहे थे।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की दुनियाभर में तगड़ी फैन फॉलोइंग है। उन्हें लोग काफी प्यार करते हैं। आज भले ही धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से सन्यास ले लिया हो लेकिन फैंस उन्हें उतना ही प्यार करते हैं। सिर्फ आम इंसान ही नहीं, सेलेब्स भी उनकी बहुत रिस्पेक्ट करते हैं और उनके फैन हैं। इस लिस्ट में एक्टर रणवीर सिंह का नाम भी शामिल है। रणवीर एक्टिंग के अलावा स्पोर्ट्स में भी काफी दिलचस्पी रखते हैं। अब उनकी महेंद्र सिंह धोनी के साथ कुछ तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं।
रणवीर और धोनी की तस्वीर वायरल
दरअसल, रविवार को मुंबई में एक दोस्ताना फुटबॉल मैच के दौरान रणवीर सिंह और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को मस्ती करते देखा गया। दोनों एक-दूसरे को गले लगाए हंस रहे थे। फुटबॉल मैच में रणवीर और महेंद्र सिंह धोनी एक टीम के लिए खेल रहे थे। वहीं, सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान विरोधी टीम में थे। मैच के दौरान रणवीर और धोनी के बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली। इतना ही नहीं, रणवीर ने उन्हें बड़ा भाई बताया।
धोनी को बताया अपना बड़ा भाई
रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी से महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपनी तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीर में धोनी बेंच पर बैठे हुए हैं और रणवीर सिंह जमीन पर बैठे हुए हैं। दोनों आपस में कुछ बात कर रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए रणवीर ने कैप्शन में लिखा, 'बड़े भाई के चरणों में हमेशा।' उनकी ये तस्वीर अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। फैंस दोनों की कैमिस्ट्री को खूब पसंद कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर में दोनों कैमरे की तरफ पोज़ देते नजर आ रहे हैं। धोनी और रणवीर दोनों ही ऑल स्टार्स फुटबॉल क्लब का हिस्सा हैं। ये क्लब सेलेब्स के बीच फुटबॉल मैच कराकर चैरिटी के लिए फंड एकत्रित करता है। साथ ही, इसका मकसद देश में फुटबॉल को बढ़ावा देना है।
पिछले साल लिया था संन्यास
रविवार को ऑल स्टार्स फुटबॉल के प्रैक्टिस मैच में रणवीर सिंह, धोनी और क्रिकेटर श्रेयस अय्यर भी मौजूद थे। बता दें कि पिछले साल 15 अगस्त को धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलते हैं और इस टीम के कैप्टन भी हैं। वहीं, रणवीर सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें तो जल्द ही वह फिल्म '83' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह कपिल देव के रोल में दिखाई देंगे। ये फिल्म 1983 में हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप में मिली भारतीय टीम को आइकॉनिक जीत पर आधारित है। दीपिका पादुकोण फिल्म में रणवीर सिंह की पत्नी के रोल में दिखेंगी।