Rapper Raftaar Wedding: फेमस रैपर के तलाक को 4 साल हो गए हैं वह दूसरी शादी करने जा रहे हैं। फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं।
Rapper Raftaar Marriage Soon: एक ऐसा रैपर जिसकी आवाज और स्टाइल के लाखों फैंस हैं। जब उनका घर टूटा था तो उनके फैंस को भी एक झटका लगा था लेकिन आज एक बार फिर फैंस उन्हें बधाई देते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर रैपर रफ्तार की दूसरी शादी को लेकर तहलका मचा हुआ है। कुछ तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन तस्वीरों और वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि रफ्तार एक बार फिर शादी बंधन में बंधने जा रहे हैं। तलाक के लगभग 4 साल बाद रफ्तार दूसरी बार दूल्हा बनने को तैयार हैं। रफ्तार फैशन स्टाइलिस्ट मनराज जवंदा से शादी रचाने जा रहे हैं।
रैपर रफ्तार का असली नाम दिलिन नायर है, लेकिन उनके फैंस उन्हें रफ्तार के नाम से जानते हैं। रफ्तार की दूसरी शादी की खबरें उस वक्त चर्चा में आईं जब एक कंटेंट क्रिएटर ने शादी के वेन्यू से एक बोर्ड की तस्वीर शेयर की। जो बोर्ड, वीडियो और फोटो वायरल हुए उसमें दावा किया जा रहा है कि वह सब रफ्तार की प्री-वेडिंग के जश्न के हैं। इसमें रफ्तार डांस करते दिख रहे हैं। साथ ही वेन्यू और बाकी डिटेल्स भी सामने आई है। साथ ही बोर्ड पर लिखा है, “दिलिन और मनराज की शादी के जश्न में आपका स्वागत है।”
इस वीडियो और फोटो के सामने आने के बाद फैंस लगातार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। जो वीडियो वायरल हो रहे हैं, उसमें मनराज अपनी मेंहदी दिखाते हुए और ‘दिल तो पागल है’ गाने पर डांस करते हुए नजर आ रही हैं। ये पहली बार नहीं हो रहा है, जब कोई सिंगर या रैपर इस तरह से गुपचुप शादी कर रहा हो। इससे पहले दर्शन रावल और एमीवे बंटाई ने भी अचानक से शादी की थी और बाद में तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करके अपने फैंस के सामने अनाउंस किया था।
बता दें, रफ्तार ने इससे पहले साल 2016 दिसंबर में कोमल वोहरा से शादी की थी। शादी से पहले यानी पिछले 5 साल से दोनों एक दूसरे को जानते थे और फिर कपल ने शादी का फैसला किया था, लेकिन शादी के बाद चीजे बदल गईं और खबरों के अनुसार रफ्तार ने साल 2020 में पत्नी कोमल से तलाक फाइल किया। कोविड की वजह से डाइवोर्स के प्रोसेस में देरी हुई जिस वजह से दोनों का डाइवोर्स साल 2022 में हुआ।