बॉलीवुड

‘मैंने साड़ी पहनी और मेरे पिता ने फिर लेदर की बेल्ट से मारा’, रवि किशन ने सुनाया बचपन का किस्सा

Ravi Kishan Koffee With Karan: भोजपुरी स्टार और अभिनेता रवि किशन ने हाल ही में कॉफी विद करण के एपिसोड में बताया है कि कैसे उन्हें पिता से सिर्फ इस बात पर मार पड़ी थी कि उन्होंने मां सीता के रोल के लिए साड़ी पहन ली थी।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 9:13 AM IST
Ravi Kishan Koffee With Karan
रवि किशन अपने परिवार के साथ (फोटो सोर्स- IMDb)

Ravi Kishan Koffee With Karan: भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्मों के मशहूर अभिनेता और सांसद रवि किशन आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर फिल्मी दुनिया में अलग मुकाम बनाया है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। अभिनेता ने बचपन से जुड़ा एक ऐसा दर्दनाक किस्सा साझा किया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। रवि किशन ने बताया कि जब वह रामलीला में मां सीता का किरदार निभाते थे, तब उनके पिता ने उन्हें चमड़े की बेल्ट से बुरी तरह पीटा था। इतना ही नहीं, पिता की नाराजगी इस कदर बढ़ गई थी कि उनकी मां को डर था कि कहीं वह अपने बेटे की जान ही न ले लें। इसके बाद मां ने उन्हें 500 रुपये देकर गांव से भाग जाने को कहा था।

मां सीता बनने पर पिता ने बेल्ट से की थी पिटाई

रवि किशन ने यह पुराना किस्सा करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' में सुनाया। इस दौरान उनके साथ अभिनेता अक्षय कुमार भी मौजूद थे। बातचीत में रवि किशन ने बताया कि उनके पिता पुजारी थे और दूध का कारोबार भी करते थे। वह चाहते थे कि उनका बेटा परिवार के कारोबार को आगे बढ़ाए या फिर सरकारी नौकरी करे।

लेकिन रवि किशन का मन अभिनय की दुनिया में लगता था। उन्हें बचपन से ही थिएटर और नाटक करने का शौक था। करीब 14-15 साल की उम्र में उन्होंने रामलीला में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। इस दौरान वह मां सीता का किरदार निभाते थे और इसके लिए साड़ी भी पहनते थे।

रवि किशन ने बताया कि जब उनके पिता को इस बारे में पता चला तो वह बुरी तरह नाराज हो गए। उन्होंने रवि को चमड़े की बेल्ट से पीटा। अभिनेता के मुताबिक, उनके पिता ने गुस्से में उनसे कहा था कि क्या वह महिला कलाकार बनना चाहते हैं। उस दौर में फिल्मों और अभिनय को सम्मानजनक पेशा नहीं माना जाता था, इसलिए उनके पिता इस काम के सख्त खिलाफ थे।

मां ने 500 रुपये देकर गांव से भगाया था

रवि किशन ने बताया कि पिता की पिटाई के बाद घर का माहौल बेहद डरावना हो गया था। उनके पिता को लगता था कि अभिनय में दिलचस्पी लेकर रवि परिवार की इज्जत खराब कर रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए थे कि उनकी मां को बेटे की जान की चिंता सताने लगी थी।

अभिनेता ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें घर से निकलने में मदद की। उन्होंने रवि किशन को 500 रुपये दिए और कहा कि ट्रेन पकड़कर गांव से चले जाओ, नहीं तो तुम्हारे पिता तुम्हें मार डालेंगे। मां की इसी मदद के बाद रवि किशन कम उम्र में ही मुंबई पहुंच गए।

मां की साड़ी पहनकर दोस्तों के साथ करते थे रिहर्सल

रवि किशन ने साल 2024 में पत्रकार शुभंकर मिश्रा के साथ बातचीत में भी इस घटना का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि जब वह 14-15 साल के थे, तभी से अभिनय के प्रति उनका लगाव बढ़ने लगा था। रामलीला में सीता का किरदार निभाने के लिए वह अपनी मां की साड़ी लेकर दोस्तों के साथ डायलॉग की प्रैक्टिस किया करते थे।

उन्होंने बताया था कि पिता की पिटाई इतनी भयानक थी कि उनकी चमड़ी तक उधड़ने की नौबत आ गई थी। उस रात उन्हें ऐसा लगा था जैसे उनके पिता उनका अभिनय का सपना हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहते हों।

आज फिल्म और राजनीति दोनों में बना चुके हैं पहचान

मुंबई पहुंचने के बाद रवि किशन ने अपने सपने को पूरा करने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने 90 के दशक में हिंदी फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद भोजपुरी सिनेमा में उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली। उन्होंने तेलुगु समेत कई दूसरी भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया।

'तेरे नाम', 'मुक्काबाज' और 'लापता लेडीज' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को पहचान मिली। फिल्मों के अलावा उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा। फिलहाल वह गोरखपुर से सांसद हैं। जिस अभिनय को लेकर कभी उनके पिता ने उनकी पिटाई की थी, उसी अभिनय ने आज उन्हें देशभर में पहचान दिलाई है।

Updated on:
26 Nov 2026, 9:13 AM IST
Published on:
Also Read
View All
‘बाथरूम का दरवाजा तो ठीक से बंद किया करो’, ट्विंकल खन्ना ने पति अक्षय कुमार को बीच शो में कर दिया रोस्ट

1000 फीट गहरी खाई के ऊपर सलमान खान के साथ दौड़ पड़े थे सूरज बड़जात्या, ‘मैंने प्यार किया’ की शूटिंग का खतरनाक किस्सा

‘नेटफ्लिक्स को पैसे भारत से कमाने हैं, पाकिस्तान से नहीं…’, तहसीन पूनावाला का फवाद- माहिरा की सीरीज पर फूटा गुस्सा, दी चेतावनी

“सफल महिलाओं से ही पूछा जाता है घर-करियर का बैलेंस, पुरुषों से नहीं”, लारा दत्ता ने दिया बेबाक बयान, समाज पर उठाए सवाल

“सबके सामने लाएंगे आपका पाखंड”, जहरीले बर्ताव से नाराज ‘टीम काजी’ ने जारी किया सख्त बयान