प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही रेखा ने IIFA के स्टेज पर 20 साल बाद परफॉर्म करने के बारे में बताया।
हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉर्ड 2018 का प्रेस कॉन्फ्रेस आयोजित किया गया था। IIFA के 19वें संस्करण के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से ही बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री रेखा काफी सुर्खियां बटोर रही हैं। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में गुरुवार से IIFA अवॉर्ड का आयोजन किया जा चुका है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही रेखा ने IIFA के स्टेज पर 20 साल बाद परफॉर्म करने के बारे में बताया। अब इस पल का सभी को बेसब्री से इंतजार है। जब वह स्टेज पर परफॉर्म करती हुई नजर आएंगी।
थिएटर में भव्य तरीके से आयोजन किया गया
आईफा का आयोजन भव्य तरीके से करने के लिए आयोजकों ने 2000 सीटों वाले सियाम निरामित थिएटर को चुना है। बता दें कि यह समारोह 24 जून तक चलेगा।
ये स्टार्स आने वाले हैं नजर
आईफा अवॉर्ड शो की शाम को यादगार बनाने के लिए रणबीर कपूर, शाहिद कपूर, अर्जुन कपूर, कृति सैनन, बॉबी देओल और नुसरत भरुचा जैसे फिल्मी सितारे आ रहे हैं। साथ ही अवॉर्ड शो की मेजबानी रितेश देशमुख और करण जौहर करने वाले हैं। लेकिन मंच पर तो रेखा की परफॉर्मेंस निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बॉबी देओल भी करेंगे परफॉर्म
आईफा में अभिनेता बॉबी देओल भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। बॉबी ने इस बारे में मीडिया से कहा, "मैं इसका हिस्सा बनने को लेकर रोमांचित हूं। मेरे लिए आईफा में सात साल बाद परफॉर्म करना कुछ ऐसा है, जिसका मैं इंतजार कर रहा था। मेरी पहले की फिल्मों के गानों और 'रेस-3' के गानों पर मैं परफार्म करूंगा।"