
आज बॅालीवुड इंडस्ट्री के डायरेक्टर और कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। रेमो का जन्म 2 अप्रेल, 1974 को बेंगलुरु में हुआ था। वह एक मिडिल क्लास परिवार से हैं। उनके पिता गोपी नायर, इंडियन एयरफोर्स में ऑफिसर थे। रेमो आज बॅालीवुड इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उनका यह सफर इतना आसान नहीं था।
रेमो की फिल्म 'रेस 3' भी जल्द ही रिलीज होने वाली है और उनकी टीम ने उन्हें बेहद ही प्यारे अंदाज में बर्थडे विश किया है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में 'रेस 3' की स्टार-कास्ट रेमो को अलग ही अंदाज में बर्थडे विश करती दिखाई दे रही है। देखें वीडियो-
पढ़ाई में नहीं लगता था मन
रेमो को पढ़ना पसंद नहीं था। लेकिन उनके पिता चाहते थे कि वह एयर फोर्स में काम ? करें। 10वीं क्लास की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही उन्होंने मन बना लिया था की वह आगे नहीं पढ़ेंगे। कुछ सालों बाद उन्होंने डांस में अपना कॅरियर बनाने की सोची।
बांद्रा स्टेशन पर बिना खाए पिए दिन बिताते थे रेमो
इसकी शुरुआत उन्होंने मुंबई आकर की। रेमो जब मुंबई पहुंचे तो उनके पास रहने तक का ठिकाना नहीं था। उस दौरान एक परिवार ने रेमो की मदद की। जैसे-तैसे रेमो ने कमाई करने के लिए 3 डांस एकेडमी खोली। शुरुआती दिनों में वहां केवल चार ही स्टूडेंट आते थे। बारिश के दिनों में तो उससे भी बुरा हाल रहता था। उन दिनों एक भी स्टूडेंट नहीं होता था, तब तो उनके पास खाना खाने के भी पैसे नहीं होते थे। तब वह बांद्रा स्टेशन पर बिना खाए पिए दिन बिताते थे।
अहमद खान के साथ बतौर एसिस्टेंट किया काम
पहली बार लोगों की नजर रेमो पर तब पड़ी जब उनकी टीम ऑल इंडिया डांस कॉम्पिटिशन में फर्स्ट आई। इसके बाद उन्होंने सालभर अहमद खान के साथ बतौर एसिस्टेंट काम किया। काम सीखने के बाद उन्होंने अपना काम शुरू किया। बता दें डांस कोरियोग्राफी के लिए रेमो नेशनल अवॉर्ड भी जीत चुके हैं।
रेमो बने निर्देशक
डांस के अलावा रेमो ने निर्देशन में भी अपना हाथ आजमाया है। बतौर निर्देशक उन्होंने 2011 में आई फिल्म 'फालतू' से डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने 'एबीसीडी' फिल्म की सीरीज बनाई। इन दिनों रेमो बॅालीवुड स्टार सलमान खान के साथ फिल्म 'रेस 3' की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म में सलमान खान के अलावा अनिल कपूर , जैकलीन फर्नांडिस, डेजी शाह, बॅाबी देओल भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म इसी साल 15 जून को रिलीज होगी।