
इरफान खान के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री को दूसरा बड़ा झटका लगा है। अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार को निधन हो गया। तबियत खराब होने पर उन्हें बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबियत खराब चल रही थी। ऐसे में बुधवार को उन्हें मुंबई के एनएच. रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। अभिनेता के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उनके बड़े भाई रणधीर कपूर ने दी थी।
रणधीर कपूर ने एक न्यूज एजेंसी को दिए बयान में बताया था कि ऋषि कपूर अस्पताल में हैं। वह कैंसर से पीड़ित हैं और सांस लेने में समस्या हो रही है, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गुरुवार सुबह उनके निधन की खबर से सब चौंक गए।
बता दें कि वर्ष 2018 में खबर आई थी कि ऋषि कपूर को कैंसर हो गया है। उसके बाद एक करीब एक साल तक अभिनेता ने न्यूयॉर्क में रहकर ईलाज कराया था। वे पिछले साल सितंबर में भारत लौटे थे। न्यूयॉर्क में नीतू सिंह उनके साथ थीं। ऋषि कपूर ने एक इंटरव्यू में नीतू सिंह की तारीफ करते हुए कहा था कि बिना नीतू के ये सब संभव नहीं था। वे मेरे साथ चट्टान की तरह खड़ी रहीं। बिना उनके मैं कुछ नहीं कर सकता था।