वीडियो 'एक नई सुबह विद फराह' शो का है, जिसमें हाल ही में सबा कमर इंटरव्यू के लिए आईं थीं। सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो रहा है।
मुंबई। पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सबा कमर बात करते—करते अपने आंसू रोक नहीं पाईं। पाकिस्तानियों से दूसरे देशों में कैसा सलूक किया जाता है और उन्हें कितनी बेइज्जती झेलनी पड़ती है? इस बारे में बोलते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। ये वीडियो सबा के एक इंटरव्यू का है।
दरअसल, यह वीडियो 'एक नई सुबह विद फराह' शो का है, जिसमें हाल ही में सबा कमर इंटरव्यू के लिए आईं थीं। सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो रहा है। सबा इस वीडियो में बताती हैं, ‘पाकिस्तान जो एक पाक जमीन मानी जाती है, जिसके हम नारे भी लगाते हैं पाकिस्तान जिंदाबाद। लेकिन जब हम बाहर के मुल्कों में जाते हैं और जिस तरह से हमारी चेकिंग होती है मैं आपको बता भी नहीं सकती। मुझे बहुत शर्मिंदगी होती है कि जब आपकी एक-एक चीज देखी जाती है। मुझे याद है जब मैं शूटिंग के लिए भारतीयों के साथ विदेश गई थी तो कैसे उन लोगों को एयरपोर्ट पर आसानी से जाने दिया गया और मुझे रोक लिया गया। मुझे रोकने का कारण मेरा पाकिस्तानी होना था। उस दिन मुझे अहसास हुआ कि क्या ये इज्जत है हमारी... ये पोजीशन है... हम दुनिया में कहां स्टैंड करते हैं।’
आपको बता दें कि सबा कमर पाकिस्तान में एक बड़ा नाम हैं और उनकी गिनती पाकिस्तान की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस में की जाती है। सबा कमर ने सबसे पहले टीवी धारावाहिकों में काम करना शुरू किया और सफलता के पायदान चढ़ते हुए पाक फिल्म इंडस्ट्री में अपने पैर जमाए। सबा की लोकप्रियता के चलते ही उन्हें बॉलीवुड में भी काम करने का मौका मिला। सबा कमर ने पिछले साल बॉलीवुड मूवी 'हिन्दी मीडियम' में एक्टर इरफान खान के साथ काम किया था। मूवी में सबा का लीड रोल था।