Salman Khan On Salim Khan Health Eid 2026: ईद के मौके पर सलमान खान ने फैंस को बालकनी से हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसी के साथ ही उन्होंने पिता सलीम खान की तबीयत पर भी चुप्पी तोड़ी है।
Salman Khan On Salim Khan Health Eid 2026: सलमान खान ने ईद 2026 के खास मौके पर अपने परिवार के साथ जश्न की झलक फैंस के साथ साझा कर एक बार फिर अपनी परंपरा निभाई।
इस बार ये मौका और भी खास रहा क्योंकि उनके पिता और मशहूर स्क्रीनराइटर सलीम खान अस्पताल से स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से फैंस के सामने नजर आए। मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर इकट्ठा हुए हजारों प्रशंसकों के लिए ये पल बेहद भावुक और खुशी से भरा रहा।
ईद के दिन सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें सलीम खान कुर्सी पर बैठे हुए फैंस की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करते दिखाई दिए। सलमान भी बालकनी से फैंस का अभिवादन करते नजर आए और उन्होंने फ्लाइंग किस देकर अपने चाहने वालों का धन्यवाद किया। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि पिता अब घर वापस आ चुके हैं और फैंस की दुआओं के लिए वो आभारी हैं।
दरअसल, सलीम खान को 17 फरवरी 2026 को हल्के ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक महीने तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के दौरान उन्हें आईसीयू और वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर 17 मार्च 2026 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जिससे उनके फैंस ने राहत की सांस ली।
ईद के अवसर पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान हेलेन, अरबाज खान, सोहेल खान, अर्पिता खान शर्मा और उनके बच्चे भी नजर आए। सलमान खान बच्चों के साथ बातचीत करते और फैंस की ओर हाथ हिलाते दिखाई दिए, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इस दौरान के वीडियो ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेज पर शेयर किए गए हैं।
हर साल की तरह इस बार भी सलमान खान अपने घर की बालकनी से फैंस को ईद की मुबारकबाद देने पहुंचे। हालांकि पिछले साल उनके घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद इस बार सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी दिखाई दी। सलमान ने बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से फैंस का अभिवादन किया, लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही अपनी नई फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आने वाले हैं, जिसका पहले नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ बताया जा रहा था। इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लाखिया ने किया है और इसकी कहानी 2020 के गलवान घाटी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है।