Salman Khan Father Salim Khan Discharged: सलमान खान के पिता सलीम खान को लेकर बड़ी खबर आई है। सर्जरी के लगभग 1 महीने बाद उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है।
Salman Khan Father Salim Khan Discharged: बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रीनराइटर और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान के फैंस के लिए राहत भरी खबर आ रही है। पिछले करीब एक महीने से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती 90 साल के सलीम खान को मंगलवार सुबह अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्हें 17 फरवरी की सुबह ही ब्रेन हेमरेज हुआ था। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। सफल इलाज के बाद अब उनकी सेहत में काफी सुधार है जिसके बाद डॉक्टर्स ने फैसला किया कि सलीम खान को घर लेकर जाया जा सकता है।
सलीम खान को बीते 17 फरवरी को बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके डॉक्टर जलील डी. पारकर ने बताया था कि सलीम साहब को हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके लिए एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण सर्जरी की गई थी। उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा था। एहतियात के तौर पर उनकी 'डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी' (DSA) भी की गई ताकि मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में किसी भी तरह की रुकावट या समस्या की पहचान की जा सके।
जिस समय सलीम खान अस्पताल में भर्ती थे, उस रहने पूरा खान परिवार उनके साथ डटा रहा। हाल ही में एक इफ्तार पार्टी के दौरान जब अरबाज खान से उनके पिता की सेहत के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "डैड अब पहले से काफी बेहतर हैं और उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। वह जल्द ही घर लौटेंगे, इंशाअल्लाह।" मंगलवार को उनके डिस्चार्ज होने की खबर के बाद बांद्रा स्थित उनके आवास 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' में भी हलचल तेज हो गई है।