
Shah Rukh Khan Diamond Necklace: शाहरुख खान और करीना कपूर खान एक बार फिर स्क्रीन पर साथ लौटे हैं, और उनके इस नए लुक ने फैंस के बीच चर्चा छेड़ दी है। शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'किंग' का मोस्ट अवेटेड गाना 'डैडी कूल' कल (27 नवंबर) को रिलीज हो गया है, जिसमें ये दोनों स्टार्स एक दमदार डांस नंबर पर साथ नजर आ रहे हैं। जहां उनकी केमिस्ट्री और यह बेहतरीन हिंग्लिश (हिंदी-अंग्रेजी मिक्स) गाना लोगों का ध्यान खींच रहा है, वहीं उनके फैशन और स्टाइल की भी चर्चा हो रही है।
'डैडी कूल' गाने के लिए शाहरुख खान ने मुख्य रूप से काले रंग के कपड़े पहने। उन्होंने एक काली शर्ट के ऊपर बिना आस्तीन वाली क्रॉप्ड शर्ट और उससे मैच करता हुआ ब्लेजर पहना है। जिस पर छोटे-छोटे चमकीले राइनस्टोन लगे थे, जो पूरे लुक को लग्जरी बना रहे थे। शर्ट के ऊपर के बटन खुले रखने से उनका लुक काफी रिलैक्स्ड और साथ ही बेहद स्टाइलिश लग रहा था।
हालांकि, उनकी ज्वेलरी ने उनके पूरे लुक को एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया। अभिनेता ने सफेद सोने (व्हाइट गोल्ड) से बना 'बल्गारी सर्पेंटी वाइपर' नेकलेस पहना था, जिसमें 8.21 कैरेट के हीरे जड़े हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी कीमत 86,70,000 रुपये है। इस खास ज्वेलरी ने उनके डार्क कलर के कपड़ों में भी एक खास चमक को जोड़ दिया। इसके साथ ही शाहरुख ने एक मल्टीकलर ईयर कफ, रिस्ट वाच और ब्रेसलेट भी पहने हैं। साथ ही उनका सॉल्ट-एंड-पेपर हेयर स्टाइल ने उनके इस लुक को और स्टाइलिश बना दिया।
किंग के इस गाने में करीना कपूर ने बोल्ड लाल ड्रेस में पूरी महफ़िल लूट ली। सोशल मीडिया पर करीना से किसी की नजरें नहीं हट रही थीं। फिटिंग वाली इस ड्रेस में डीप नेकलाइन और ड्रेप्ड डिजाइन था, साथ ही इसमें बोल्ड कट-आउट वाली फुल स्लीव्स भी थीं। ड्रेस में जांघ तक एक लंबा स्लिट था, जिसके नीचे उन्होंने काले रंग की शीयर स्टॉकिंग्स पहनी थीं। ड्रेस का बैक पूरी तरह से खुला था, जिससे उनकी स्किन साफ़ नजर आ रही थी और उनका लुक और भी ज्यादा बोल्ड लग रहा था। इस ड्रेस को पूरा करने के लिए उन्होंने एक्सेसरीज में एक चोकर और काले रंग की हील्स पहनीं। उन्होंने अपने बालों को खुला रखा।
जहां एक तरफ शाहरुख खान ने अपनी चमक बिखेरी, वहीं दूसरी तरफ करीना ने अपने ग्लैमर से सबका ध्यान खींचा। 'डैडी कूल' में इन दोनों सितारों का मिलन बेहद स्टाइलिश रहा।
बता दें कि सोशल मीडिया पर किंग के डैडी कूल गाने को मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। यूजर्स इस गाने को सुपर-डुपर हिट बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग करीना कपूर और शाहरुख खान के 'छम्मक-छल्लो' गाने से भी तुलना कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों को गाना पसंद नहीं आया।