फिल्म 'जीरो' चीन में रिलीज हो सकती है। ऐसा हुआ तो यह शाहरूख की पहली फिल्म होगी जो चीन में दिखाई जाएगी।
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'जीरो' के दो पोस्टर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर कर अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है और जन्मदिन पर एक और बड़ा सरप्राइज देने जा रहे हैं। दरअसल, उनकी फिल्म 'जीरो' का ट्रेलर रिलीज होगा। इंडस्ट्री में एसआरके के नाम से जाने जाने सुरस्टार अभिनेता शाहरुख के बंगले मन्नत को दिवाली से पूर्व उनके बर्थडे के अवसर पर दुल्हन की सजा दिया गया है। वे 2 नवंबर को अपना 53 वां बर्थडे सेलिब्रेट करेंगे। 'जीरो' के प्रमोशन में जुटे शाहरुख इन दिनों अपने कैरेक्टर बउआ सिंह के ट्विटर हैंडल से मजेदार ट्वीट कर फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा रहे हैं।
आज रिलीज होगा 'जीरो' का ट्रेलर
शाहरुख और उनके फैंस को सरप्राइज देने के लिए फिल्म 'जीरो' के मेकर्स आज यानी २ नंबवर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज करने जा रहे हैं। इस ट्रेलर में उनके फैंस पहली बार किसी फिल्म में शाहरुख को बौने व्यक्ति के किरदार में देखेंगे। ऐसे में शाहरुख के जन्मदिन पर उनके फैंस के लिए डबल एक्साइटमेंट होगा।
दो पोस्टर रिलीज
अपने जन्मदिन से एक दिन पूर्व ही शाहरुख ने अपने ट्विटर पर 'जीरो' के दो पोस्टर शेयर कर ट्रेलर की रिलीज से पहले ही अपने फैंस का एक्साइटमेंट और बढ़ा दिया। शेयर किए गए पोस्टर्स में से एक में कैटरीना कैफ तो दूसरे में अनुष्का शर्मा के साथ नजर आ रहे हैं। कैटरीना के साथ पोस्टर शेयर करते हुए शाहरुख ने लिखा, 'सितारों के ख्वाब देखने वालों, हमने तो चांद को करीब से देखा है। वहीं अनुष्का के साथ पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, 'इस पूरी दुनिया में, मेरी बराबरी की एक ही तो है...'
ठग ने की बउआ की तारीफ
फिल्म 'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तां' में फिरंगी मल्ला की भूमिका निभा रहे आमिर खान ने फिल्म 'जीरो' का ट्रेलर देखने के बाद कहा कि इस फिल्म में (बउआ) शाहरुख एकदम छा गए हैं। फिल्म की स्पेशल ट्रेलर स्क्रीनिंग बुधवार को हुई, जिसमें आमिर मुख्य मेहमानों में से एक थे। उन्होंने ट्विटर पर फिल्म की टीम और कलाकारों की खूब प्रशंसा की। आमिर ने ट्वीट कर कहा, ''मैंने 'जीरो' का ट्रेलर देखा। सिर्फ एक शब्द...बेहतरीन! आनंद एल राय को धन्यवाद। कैटरीना शानदार हैं। अनुष्का शर्मा अविश्वसनीय हैं! शाहरुख आपने खुद को ही मात दे दी। फिल्म देखने के लिए बेताब हूं।' शााहरुख ने गुरुवार को आमिर के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'ठग की तरफ से हग।'
चीन में रिलीज होगी 'जीरो'
शाहरूख की फिल्म 'जीरो' चीन में रिलीज हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यह शाहरूख की पहली फिल्म होगी जो चीन में दिखाई जाएगी। चर्चा है कि चीन में 'जीरो' अगले साल 29 मार्च से पहले रिलीज हो सकती है। चीनी बॉक्स ऑफिस पर भारतीय फिल्मों के अच्छे रिस्पांस को देखते हुए मेकर्स ने यह प्लान किया है। इससे पहले आमिर खान, सलमान, रानी मुखजी की फिल्में चीन में धमाल मचा चुकी हैं।