
Sharad Kapoor On her Depression: 90 के दशक में अपनी शानदार अदाकारी और शाहरुख खान की जोश में विलेन बनकर दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले अभिनेता शरद कपूर (Sharad Kapoor) इन दिनों बेहद बुरे दौर से गुजर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से अपने पालतू जानवरों से अलग होने को लेकर सुर्खियों में आए शरद कपूर का अब एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने खुद अपनी बदहाली और गंभीर आर्थिक व मानसिक संकट का खुलासा किया है। एनिमल वेलफेयर रिप्रेजेंटेटिव हेमा चौधरी के साथ सामने आए इस वीडियो में शरद ने बताया कि वह काफी समय से डिप्रेशन में थे।
हेमा चौधरी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर शरद कपूर का एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें अभिनेता बेहद लाचार और भावुक नजर आ रहे शरद कपूर ने खुलकर अपने संघर्षों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ समय से गंभीर डिप्रेशन (अवसाद) का शिकार थे, जिसके चलते उनका किसी से भी मिलने या काम करने का बिल्कुल मन नहीं करता था। अभिनेता ने खुलासा किया कि पिछले दो-तीन सालों से वह लगभग बेड-रिडन (बिस्तर पर पड़े रहने) जैसी स्थिति में हैं। ठीक से इलाज और दवाइयां न मिलने के कारण उनकी हालत बद से बदतर होती चली गई।
हेमा चौधरी ने इस बात को आगे बढ़ाते हुए बताया कि शरद ऐसी स्थिति में पहुंच गए थे जहां उन्हें कई-कई दिनों तक खाना तक नसीब नहीं होता था और वह पूरी तरह अकेले पड़ गए थे। परिवार के सदस्यों से भी उनका कोई संपर्क नहीं है और कोई उनकी सुध लेने वाला नहीं है। ऐसे मुश्किल वक्त में हेमा चौधरी ने खुद को उनका एकमात्र पारिवारिक सहारा बताते हुए फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से आगे आने की अपील की है।
अपनी इस दयनीय स्थिति से उबरने और जिंदगी में एक नई शुरुआत करने की इच्छा जताते हुए शरद कपूर ने इंडस्ट्री के अपने सीनियर एक्टर्स और दिग्गजों से हाथ जोड़कर अपील की है। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा से अपने सीनियर एक्टर्स को हीरो की नजर से देखता आया हूं। आज मुझे सच में मदद की जरूरत है- आर्थिक, नैतिक और मानसिक रूप से। कृपया मेरी मदद करें ताकि मैं एक बार फिर अपने पैरों पर खड़ा हो सकूं।"
इसके साथ ही हेमा चौधरी ने उन अफवाहों पर भी विराम लगाया जिनमें मढ़ आइलैंड पर किसी आलीशान बंगलो और करोड़ों की संपत्ति होने की बात कही जा रही थी। उन्होंने साफ किया कि शरद के पास ऐसा कोई करोड़पति बंगला नहीं है और लोग केवल तिल का ताड़ बना रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शरद इस वक्त पूरी तरह टूट चुके हैं और उन्हें काम के साथ-साथ वित्तीय सहायता की भी सख्त जरूरत है, ताकि वह दोबारा अपनी जिंदगी पटरी पर ला सकें।