बॉलीवुड

शेफाली जरीवाला केस में चौंकाने वाला खुलासा; मौत से पहले लिया था इंजेक्शन

शेफाली जरीवाला की कार्डियक अरेस्ट से गई जान या फिर इंजेक्शन का असर? एंटी-एजिंग दवाओं से जुड़ा है मामला …
2 min read
Jun 29, 2025
Shefali Jariwala Death Update
मौत से पहले व्रत में लिया एंटी-एजिंग इंजेक्शन... शेफाली जरीवाला की जांच में नया मोड़

Shefali Jariwala Death Update: अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की मौत की जांच में पुलिस को कुछ अहम बातें पता चली हैं। जानकारी के मुताबिक, शेफाली पिछले 7-8 साल से लगातार एंटी-एजिंग दवाएं ले रही थीं। 27 जून को उनके घर में पूजा रखी गई थी, और उस दिन शेफाली व्रत पर थीं। लेकिन इसके बावजूद उन्होंने दोपहर में एंटी-एजिंग दवा का इंजेक्शन लिया।

बताया जा रहा है कि कई साल पहले एक डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने यह ट्रीटमेंट शुरू किया था, जिसे वह हर महीने लेती थीं। पुलिस को शक है कि यही दवाएं उनकी अचानक हुई मौत की एक बड़ी वजह हो सकती हैं, जिससे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया होगा।

अचानक बिगड़ी तबीयत

घटना के समय रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच शेफाली की तबीयत अचानक बिगड़ी, उनका शरीर कांपने लगा और वह बेहोश होकर गिर गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना के वक्त घर पर शेफाली के पति पराग, मां और कुछ अन्य सदस्य मौजूद थे। फॉरेंसिक टीम ने उनके घर से अलग-अलग तरह की दवाएं जब्त की हैं, जिनमें एंटी-एजिंग वायल्स, विटामिन सप्लीमेंट्स और गैस्ट्रिक से संबंधित गोलियां शामिल हैं। अब तक पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें परिवार के सदस्य, घरेलू नौकर और बेलेव्यू अस्पताल के डॉक्टर शामिल हैं।

जांच के दौरान किसी प्रकार के विवाद या झगड़े के कोई संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और दवाओं की लैब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं, ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। इस मामले में जांच जारी है और जल्द ही इस पर पूरी रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है।

शेफाली जरीवाला को गुरुवार रात, 27 और 28 जून के बीच अचानक दिल का दौरा (कार्डियक अरेस्ट) पड़ा। तबीयत बिगड़ते ही उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग उन्हें तुरंत मुंबई के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शेफाली को 2002 में आए सुपरहिट गाने 'कांटा लगा' से खूब पहचान मिली थी। यह गाना 1972 की फिल्म 'समाधि' के लता मंगेशकर के क्लासिक गाने का रीमिक्स था। इसी गाने की वजह से लोग उन्हें 'कांटा गर्ल' कहने लगे थे।

Updated on:
29 Jun 2025 02:43 pm
Published on:
29 Jun 2025 02:43 pm