
Bandit Queen Sequel Confirmed: बॉलीवुड के इतिहास में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो वक्त के साथ मील का पत्थर बन जाती हैं। साल 1994 में आई 'बैंडिट क्वीन' (Bandit Queen) भी उन्हीं चुनिंदा फिल्मों में से एक है, जिसके निर्देशक शेखर कपूर थे और उन्होंने चंबल की चर्चित डकैत फूलन देवी कि जिंदगी के शुरुआती संघर्षों को बड़े पर्दे पर उतारा था। अब पूरे तीन दशक बाद इस कल्ट क्लासिक फिल्म के सीक्वल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसके दूसरे भाग की पुष्टि कर दी है, जिसके निर्देशन की जिम्मेदारी जाने-माने फिल्ममेकर हनी त्रेहान (Honey Trehan) को सौंपी गई है।
डायरेक्टर हनी त्रेहान ने मिड-डे संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ने इस बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ने की पुष्टि की और कहा कि वह इस जिम्मेदारी को लेकर बेहद सीरियस और उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि 1994 की ओरिजिनल फिल्म उनकी पीढ़ी के फिल्मकारों के लिए एक बड़ी प्रेरणा रही है। सीक्वल की कहानी के बारे में बात करते हुए हनी ने कहा, "यह फिल्म ठीक वहीं से शुरू होगी, जहां शेखर सर की 'बैंडिट क्वीन' खत्म हुई थी। ओरिजिनल फिल्म ने जो विरासत छोड़ी है, उसका सम्मान करना मेरे लिए एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं इस वक्त पूरी तरह स्क्रिप्ट में डूबा हुआ हूं और निर्माता बॉबी बेदी सर द्वारा की गई गहरी रिसर्च को बारीकी से देख रहा हूं।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगामी सीक्वल में 1983 में पुलिस के सामने फूलन देवी के आत्मसमर्पण और 11 साल जेल में बिताने के बाद की उनकी जिंदगी को दिखाया जाएगा। निर्माता बॉबी बेदी ने साफ किया कि शेखर कपूर की फिल्म मुख्य रूप से अत्याचार और बदले की भावना के इर्द-गिर्द थी, लेकिन यह नया प्रोजेक्ट यह दिखाएगा कि जेल से बाहर आने के बाद फूलन देवी ने अपनी जिंदगी को किस दिशा में मोड़ा। इसमें महिलाओं के अधिकारों के लिए उनकी लड़ाई, दो बार सांसद (पार्लियामेंट मेंबर) बनने का सफर, 2001 में हुई उनकी हत्या और उम्मेद सिंह के साथ उनकी प्रेम कहानी व शादी के अहम पहलुओं को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।
निर्माता बॉबी बेदी ने बताया कि फूलन देवी की जिंदगी में इतना कुछ घटा है जिसे एक फिल्म में समेटना आसान नहीं था, इसलिए सीक्वल के जरिए उनके जीवन के अनछुए अध्यायों को सामने लाया जा रहा है। फिलहाल हनी त्रेहान स्क्रिप्ट को अंतिम रूप देने में जुटे हैं और राइटिंग का काम पूरा होते ही फिल्म की कास्टिंग फाइनल की जाएगी।
बता दें, माला सेन की किताब पर आधारित और सीमा बिस्वास व निर्मल पांडे अभिनीत ओरिजिनल फिल्म 26 जनवरी 1994 को रिलीज हुई थी, जिसका वितरण अमिताभ बच्चन कॉर्पोरेशन ने किया था। वहीं, हनी त्रेहान की बात करें तो उन्होंने इससे पहले दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म 'सतलुज' का निर्देशन किया था, जो ZEE5 पर प्रीमियर होने के कुछ ही घंटों बाद विवादों के चलते हटा ली गई थी। अब दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि हनी त्रेहान फूलन देवी की इस आगे की कहानी को पर्दे पर किस तरह पेश करते हैं।