बॉलीवुड

‘मैं हमेशा सेट पर मौजूद रहूंगी’, अमिताभ-रेखा की फिल्म ‘सिलसिला’ के लिए एक्ट्रेस ने रखी थी ये शर्त, वरिष्ठ पत्रकार हनीफ जावेरी का खुलासा

Jaya Bachchan Silsila Movie: अभिनेत्री जया बच्चन, रेखा और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्म 'सिलसिला' को लेकर वरिष्ठ पत्रकार हनीफ जावेरी ने बयान दिया है। एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Jaya Bachchan Silsila Movie
फिल्म सिलसिला की तस्वीर (फोटो सोर्स- IMDb)

Jaya Bachchan Silsila Movie: यश चोपड़ा की साल 1981 में रिलीज हुई फिल्म 'सिलसिला' हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल है, जिसकी कहानी से ज्यादा इसकी कास्टिंग और उससे जुड़े किस्सों ने लोगों का ध्यान खींचा। फिल्म में अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और रेखा नजर आए थे। खास बात यह थी कि उस समय अमिताभ और रेखा के कथित रिश्ते को लेकर मीडिया में खूब चर्चाएं होती थीं। ऐसे माहौल में जया का दोनों के साथ फिल्म करना काफी संवेदनशील माना जा रहा था।

पहले स्मिता पाटिल और परवीन बाबी थीं कास्ट

फिल्म पत्रकार हनीफ जावेरी ने 'मेरी सहेली' नाम के पॉडकास्ट में बताया, 'सिलसिला’ के लिए यश चोपड़ा की पहली पसंद स्मिता पाटिल और परवीन बाबी थीं। स्मिता को बाद में जया बच्चन वाला किरदार और परवीन को रेखा वाला रोल करना था। हालांकि, परवीन बाबी की तबीयत से जुड़ी परेशानियों के बीच उनकी फिल्म से विदाई हुई और इसके बाद स्मिता पाटिल भी प्रोजेक्ट से बाहर हो गईं।'

इसके बाद यश चोपड़ा ने रेखा और जया बच्चन को फिल्म में लेने का फैसला किया। रेखा ने फिल्म के लिए हामी भर दी, लेकिन जया बच्चन इस प्रस्ताव को लेकर सहज नहीं थीं।

संजीव कुमार ने जया को किया राजी

हनीफ जावेरी के अनुसार, जया बच्चन और अभिनेता संजीव कुमार के बीच काफी करीबी रिश्ता था। दोनों ने गुलजार की फिल्म ‘कोशिश’ में साथ काम किया था और इसी दौरान उनके बीच भाई-बहन जैसा संबंध बन गया था। बताया जाता है कि जया संजीव कुमार को राखी भी बांधती थीं।

जब यश चोपड़ा को पता चला कि संजीव कुमार जया को अपनी बहन जैसा मानते हैं, तो उन्होंने उनसे जया को फिल्म के लिए मनाने की बात कही। संजीव कुमार के समझाने के बाद जया फिल्म करने के लिए तैयार हो गईं।

जया ने रखी थी खास शर्त

हनीफ जावेरी के मुताबिक, जया बच्चन ने फिल्म के लिए हामी तो भर दी, लेकिन एक शर्त रखी। उन्होंने कहा था कि वह शूटिंग के दौरान हमेशा सेट पर मौजूद रहेंगी, भले ही उस समय उनके किरदार की शूटिंग न हो रही हो।

इस शर्त के पीछे वजह अमिताभ बच्चन और रेखा को लेकर चल रही चर्चाओं को बताया गया। उस समय दोनों के कथित रिश्ते को लेकर मीडिया में काफी अटकलें थीं और फिल्म की कहानी भी विवाहेतर संबंधों के इर्द-गिर्द घूमती थी।

यश चोपड़ा ने भी बताई थी कास्टिंग की कहानी

यश चोपड़ा ने बाद में शाहरुख खान के साथ बातचीत में फिल्म की कास्टिंग को लेकर अलग विवरण साझा किया था। उनके मुताबिक, उन्होंने शुरुआत में स्मिता पाटिल और परवीन बाबी को साइन किया था, लेकिन अमिताभ बच्चन ने उनसे पूछा कि क्या वह इस कास्टिंग से पूरी तरह संतुष्ट हैं। इसके बाद यश चोपड़ा ने अमिताभ, जया और रेखा को साथ लेने का फैसला किया। यश चोपड़ा ने यह भी कहा था कि उन्होंने दोनों अभिनेत्रियों से उम्मीद जताई थी कि शूटिंग के दौरान कोई परेशानी नहीं होगी।

‘सिलसिला’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई, लेकिन अमिताभ, जया और रेखा की कास्टिंग के कारण फिल्म आज भी हिंदी सिनेमा की चर्चित फिल्मों में गिनी जाती है।

Updated on:
30 Sept 2026 06:35 pm
Published on:
30 Sept 2026 06:35 pm