
Sonakshi Sinha on Rahul Gandhi Comment: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा (Sonakshi Sinha) अपने बेबाक अंदाज के लिए हमेशा चर्चा में रहती हैं। जहां पूरा देश कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अपने माता-पिता, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बचपन के एक निजी और पारिवारिक किस्से को लेकर बयानबाजी कर रहा हैं। वहीं, राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर एक नई बहस भी छिड़ गई है। इस पूरे विवाद और हो रही आलोचनाओं के बीच अब अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी अपना रिएक्शन दिया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला सोनिया गांधी की यादों पर आधारित पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव इन दिल्ली' के लॉन्चिंग इवेंट के दौरान सामने आया था। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक प्यारी सी पारिवारिक याद शेयर की थी। उन्होंने बताया था कि परिवार के साथ लंच या डिनर करते समय उनकी मां सोनिया गांधी अक्सर प्यार से अपने पति राजीव गांधी की गोद में बैठ जाया करती थीं।
राहुल गांधी ने जैसे की पुरानी यादों को ताजा किया तो इस निजी और खूबसूरत याद को कई राजनीतिक विरोधियों ने निशाना बना लिया और सोशल मीडिया पर इसका मजाक उड़ाना शुरू कर दिया। जिसके बाद इस पर तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर चल पड़ा। इस बीच, सोशल मीडिया पेज 'Woemaniyah' के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने भी रिएक्शन दिया। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि एक परिवार के आपसी प्रेम और आत्मीयता को दिखाने पर लोग इतनी नकारात्मक प्रतिक्रिया क्यों दे रहे हैं?
इस पूरे विवाद पर अपना मजेदार ट्विस्ट जोड़ते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “धत् तेरे की, मेरे होने वाले बच्चों को कोई अंदाजा नहीं है कि उनके रास्ते में क्या आने वाला है। बच्चों, अपनी सीट बेल्ट लगा लो (तुम अभी जहां भी हो)।” सोनाक्षी का यह मजाकिया अंदाज उनके फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
दूसरी तरफ, इस तरह की आलोचनाओं और नकारात्मकता पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कर्नाटक के फेमस होयसलेश्वर मंदिर की 12वीं सदी की एक मूर्ति की तस्वीर शेयर की, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती नजर आ रहे हैं। उन्होंने इसके जरिए तंज कसते हुए कहा कि डर, गुस्सा और नफरत ने कुछ लोगों को जीवन में शुद्ध प्रेम महसूस करने की क्षमता से दूर कर दिया है।
वहीं, वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा को आखिरी बार अपने पति जहीर इकबाल के साथ फिल्म 'तू है मेरी किरण' में देखा गया था, हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी।