
Sunil Lehri Disappointed Ramayana music: रामानंद सागर के ऐतिहासिक टेलीविजन धारावाहिक 'रामायण' में 'लक्ष्मण' का किरदार निभाकर सुनील लहरी घर-घर में मशहूर हुए थे। उन्होंने रणबीर कपूर और नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' को लेकर रिलीज से एक दिन पहले अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर फिल्म की कास्टिंग, विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और म्यूजिक को लेकर बन रहे नकारात्मक माहौल के बीच सुनील लहरी ने मेकर्स का समर्थन किया है। साथ भी उम्मीद भी जताई है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक और गानों पर अपनी निराशा जताई है।
सुनील लहरी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने बेहद सादगी से अपनी बात रखी। सुनील लहरी ने कहा कि कई लोग उनसे इस फिल्म पर अपनी राय मांग रहे थे, शायद इसलिए क्योंकि वह खुद एक दौर में 'रामायण' का अहम हिस्सा रहे हैं। मैं इस फिल्म के म्यूजिक से ज्यादा संतुष्ट नहीं हुआ।
सुनील लहरी ने कहा, "वह समय कुछ और था, आज समय कुछ और है। मैंने अभी फिल्म नहीं देखी है। मैं इस विषय पर कोई रिसर्चर या अथॉरिटी नहीं हूं। मैं इतने बड़े महाकाव्य का क्रिटिक कैसे हो सकता हूं? मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि यह एक बेहतरीन एपिक है न केवल हम भारतीयों के लिए, बल्कि पूरी दुनिया की इंसानियत के लिए। हमारी संस्कृति, मूल्य, भावनाएं और विश्वास इस विरासत से जुड़े हैं और हम सभी को इसका ध्यान रखना चाहिए।"
फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और स्टार कास्ट की तारीफ करते हुए सुनील लहरी ने कहा कि उन्हें नितेश जी की काबिलियत पर पूरा भरोसा है। उन्होंने पहले भी देश को कई बेहतरीन फिल्में दी हैं और पूरी टीम ने इस पौराणिक प्रोजेक्ट के लिए कड़ी मेहनत की है। फिल्म के म्यूजिक सेक्शन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें भारतीय संगीत के पारंपरिक सार की कमी महसूस होती है।
संगीत पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लहरी ने कहा, "इस महाकाव्य में संगीत एक रीढ़ की हड्डी (Backbone) की तरह होता है। इस फिल्म का जो म्यूजिक मैंने कुछ गानों में सुना है, उसने मुझे थोड़ा निराश किया है। एक अच्छे श्रोता के तौर पर मेरा मानना है कि म्यूजिक के पीछे अयोध्या और मिथिला का वह पारंपरिक स्थानीय (लोकल) फ्लेवर होना चाहिए था।" बता दें, इस फिल्म में ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान और दिग्गज हॉलीवुड कंपोजर हैंस जिमर ने एक साथ काम किया है।
आखिर में उन्होंने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए कहा कि यह बहुत बड़े बजट की फिल्म है और इसकी सफलता इसलिए भी जरूरी है क्योंकि कई लोगों की रोजी-रोटी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई है