बॉलीवुड

Birthday Special: एक्शन-कॉमेडी से जीता दिल, अक्षय कुमार के साथ हिट है जोड़ी, जानिए कौन है ये एक्टर

Birthday Special: आज उस एक्टर का बर्थडे है जिसने एक्शन फिल्में कर लोगों का दिल जीता, कॉमेडी में भी नाम कमाया और जिसकी अक्षय कुमार के साथ हिट हुई जोड़ी।

3 min read
Aug 11, 2024

Birthday Special: आज बॉलीवुड के एक एक्शन हीरो का जन्मदिन है। वो आज 63 साल के हो गए हैं। करियर के शुरुआत में उन्होंने जबरदस्त एक्शन किया। बाद में कॉमेडी से भी लोगों का दिल जीत लिया। चलिए जानते हैं कौन है ये एक्टर।

बात हो रही है 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक के मैंगलोर में जन्मे सुनील शेट्टी की। उन्होंने अपने सिने करियर की शुरुआत वर्ष 1992 में प्रदर्शित फिल्म ‘बलवान’ से की। इस फिल्म में सुनील शेट्टी ने जबरदस्त एक्शन दृश्य देकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। 

सुनील शेट्टी की फिल्में

वर्ष 1994 में प्रदर्शित फिल्म ‘मोहरा’ सुनील शेट्टी के करियर की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई। ‘मोहरा’ की सफलता के बाद सुनील शेट्टी की छवि फिल्म इंडस्ट्री में एक एक्शन हीरो के रूप में बन गई और इसके बाद फिल्मकारों ने उनकी इसी छवि को रूपहले पर्दे पर भुनाया। इन फिल्मों में ‘अंत’, ‘सुरक्षा’, ‘टक्कर’, ‘रक्षक’ और ‘सपूत’ आदि शामिल हैं।

2000 में प्रदर्शित फिल्म ‘हेराफेरी’ सुनील शेट्टी की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। प्रियदर्शन निर्देशित इस फिल्म से पहले लोगों की धारणा थी कि सुनील शेट्टी केवल मारधाड़ से परिपूर्ण अभिनय ही कर सकते हैं लेकिन इस फिल्म में उन्होंने अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ मिलकर अपने कारनामों से दर्शकों को हंसाते- हंसाते लोटपोट कर दिया। 

सुनील शेट्टी को इस मूवी के लिए मिला फिल्म फेयर पुरस्कार

फिल्म की सफलता को देखते हुए 2006 में इसका सीक्वेल ‘फिर हेराफेरी’ बनाया गया। 2000 में ही सुनील शेट्टी के करियर की एक और महत्वपूर्ण फिल्म ‘धड़कन’ प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में उनका ये किरदार ग्रे शेड्स लिए हुए था। इसके बावजूद वो दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे। इस फिल्म के लिए वो सर्वश्रेष्ठ खलनायक के फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किए गए।

सुनील शेट्टी (Sunil Shetty) की जोड़ी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) के साथ काफी पसंद की गई। उन्होंने फिल्म ‘वक्त हमारा है’ से जोड़ी के रूप में आगाज किया। उनकी जोड़ी को देखकर दर्शकों को लगा कि अमिताभ और विनोद खन्ना के बाद लंबे अरसे से जिस जोड़ी की कमी शिद्दत से महसूस की जा रही है, वो उन्हें मिल गई है।

अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की फिल्में

एक्शन में माहिर इन दोनों कलाकारों ने इस फिल्म की कामयाबी के बाद ‘हम बेमिसाल हैं’, ‘सपूत’, ‘मोहरा’, ‘हेराफेरी’, ‘आवारा पागल दीवाना’, ‘फिर हेराफेरी’ जैसी कई फिल्मों में एक साथ काम किया। सुनील शेट्टी के सिने करियर में उनकी जोड़ी रवीना टंडन, करिश्मा कपूर और सोनाली बेन्द्रे के साथ सर्वाधिक पसंद की गई।

सुनील शेट्टी ने अपने तीन दशक से अधिक के सिने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। सुनील शेट्टी ने ‘खेल’, ‘रक्त’ और ‘भागमभाग’ जैसी कुछ फिल्मों का निर्माण भी किया है। सुनील शेट्टी आज भी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं।

Updated on:
11 Aug 2024 01:10 pm
Published on:
11 Aug 2024 01:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर