बॉलीवुड

करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की 30 हजार करोड़ की संपत्ति पर विवाद, मां रानी कपूर ने मांगे 6000 करोड़ रुपये

Karisma Kapoor-Sunjay Kapoor Land Dispute: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की प्रॉपर्टी को लेकर एक बार फिर से विवाद शुरू हो गया है। संजय कपूर की मां रीना कपूर ने 6000 करोड़ की संपत्ति की मांग की है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 3:13 PM IST
Karisma Kapoor-Sunjay Kapoor Land Dispute:
करिश्मा कपूर (फोटो सोर्स- IMDb)

Karisma Kapoor-Sunjay Kapoor Land Dispute: करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिवंगत कारोबारी संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद एक बार फिर चर्चा में है। इस मामले में अब संजय कपूर की मां रानी कपूर ने कथित तौर पर समझौते के लिए 6000 करोड़ रुपये की मांग की है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने परिवार के सदस्यों के बीच चल रही मध्यस्थता की प्रक्रिया खत्म कर दी है। करीब 15 बैठकों के बाद भी दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई।

6000 करोड़ रुपये के समझौते पर अटका मामला

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, रानी कपूर की ओर से संपत्ति विवाद को खत्म करने के लिए 6000 करोड़ रुपये के सेटलमेंट की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि परिवार के सदस्यों के बीच मध्यस्थता की प्रक्रिया गतिरोध पर पहुंच गई है।

रानी कपूर के वकील का आरोप था कि पिछले छह महीने से दूसरे पक्ष की ओर से कोई जवाबी प्रस्ताव नहीं मिला। वहीं, प्रिया सचदेव कपूर के वकील ने दावा किया कि रानी कपूर खुद एक संयुक्त बैठक से बाहर चली गई थीं।

दोनों पक्षों के बीच संजय कपूर की संपत्ति और फैमिली ट्रस्ट में हिस्सेदारी को लेकर भी मतभेद हैं। रानी कपूर की ओर से 6000 करोड़ रुपये के हिस्से का दावा किया गया है। वहीं, करिश्मा कपूर के दोनों बच्चों समायरा और कियान ने 24 से 26 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की है।

दूसरी तरफ प्रिया सचदेव कपूर का पक्ष है कि उन्हें ट्रस्ट की 60 प्रतिशत संपत्ति मिलनी चाहिए, जबकि बाकी 40 प्रतिशत हिस्सा संजय कपूर के बच्चों को दिया जाना चाहिए।

संजय कपूर की वसीयत को लेकर भी विवाद

संजय कपूर की संपत्ति का विवाद उनकी कथित वसीयत को लेकर भी है। बताया जाता है कि इस वसीयत में पूरी संपत्ति उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के नाम किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, करिश्मा कपूर के बच्चों ने इस दस्तावेज को फर्जी बताते हुए चुनौती दी है। रानी कपूर ने भी वसीयत की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं।

इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने अप्रैल में प्रिया कपूर को निर्देश दिया था कि मामले का फैसला आने तक संजय कपूर की संपत्तियों को सुरक्षित रखा जाए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने परिवार के बीच विवाद सुलझाने के लिए मध्यस्थता का रास्ता अपनाया था। अब सहमति नहीं बनने के कारण मुख्य मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

बेटे की मौत के बाद प्रिया पर लगाए थे आरोप

इससे पहले रानी कपूर ने एएनआई से बातचीत में इस पूरे विवाद को बेहद निजी और तकलीफदेह बताया था। उनका कहना था कि उनके पति ने आरके फैमिली ट्रस्ट बनाया था और परिवार की संपत्ति कई दशकों की मेहनत से खड़ी हुई थी।

रानी ने आरोप लगाया था कि संजय की प्रिया सचदेव से शादी के बाद परिस्थितियां बदलने लगीं। उनके मुताबिक, बेटे की मौत के बाद प्रिया ने कारोबार पर नियंत्रण करना शुरू कर दिया। उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्होंने अपने पति के साथ कंपनी और परिवार का घर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

रानी कपूर ने प्रिया को ट्रस्टी के पद से हटाने के लिए औपचारिक नोटिस भेजने की बात भी कही थी। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में मध्यस्थता खत्म होने के बाद संजय कपूर की 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति का मामला अब कानूनी लड़ाई के अगले चरण में पहुंच गया है।

Updated on:
26 Nov 2026, 3:13 PM IST
Published on: