बॉलीवुड

6 साल की बच्ची के साथ रेप पर फूटा तापसी पन्नू का गुस्सा, बोलीं- किस तरह की अगली पीढ़ी…

Taapsee Pannu Lashes Out On Delhi Minor Rape Case: दिल्ली में 6 साल की बच्ची के साथ हुए गैंगरेप पर एक्ट्रेस तापसी पन्नू भड़क गई हैं। क्या कुछ कहा है तापसी ने, चलिए जानते हैं।
3 min read
Feb 02, 2026
Taapsee Pannu Lashes Out On Delhi Minor Rape Case
Taapsee Pannu (सोर्स- एक्स)

Taapsee Pannu Lashes Out On Delhi Minor Rape Case: राजधानी दिल्ली एक बार फिर ऐसी घटना की गवाह बनी, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक इलाके में सामने आए मासूम बच्ची से जुड़े जघन्य अपराध ने न सिर्फ आम लोगों को बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों को भी अंदर तक हिला दिया है। इस घटना पर अभिनेत्री तापसी पन्नू ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े किए हैं।

दिल्ली में हुई घिनौनी वारदात (Taapsee Pannu Lashes Out On Delhi Minor Rape Case)

बताया जा रहा है कि छह साल की एक बच्ची के साथ तीन नाबालिगों ने दरिंदगी को अंजाम दिया। पीड़िता के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कड़ी कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की और आरोपियों को हिरासत में लिया गया। यह मामला इसलिए और ज्यादा डराने वाला है क्योंकि आरोप लगाने वाले भी नाबालिग बताए जा रहे हैं।

तापसी पन्नू ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

इस घटना के सामने आने के बाद तापसी पन्नू ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी और चिंता जाहिर की। उन्होंने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि ये वक्त खुद से सवाल पूछने का है- हम किस तरह की अगली पीढ़ी तैयार कर रहे हैं। तापसी का मानना है कि ऐसी घटनाएं सिर्फ कानून व्यवस्था की नाकामी नहीं, बल्कि सामाजिक सोच के पतन की भी ओर इशारा करती हैं।

समाज का हर वर्ग जिम्मेदार- तापसी

तापसी ने आगे ये भी कहा कि इस त्रासदी में कोई एक दोषी नहीं है। उनके मुताबिक, समाज का हर वर्ग कहीं न कहीं इसकी जिम्मेदारी साझा करता है। जिस माहौल में बच्चे बड़े हो रहे हैं, वही माहौल भविष्य में उनके व्यवहार और सोच को तय करता है। ऐसे में यह घटना केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज की हार है।

भूमि पेडनेकर ने भी जताया था गुस्सा

कुछ दिन पहले इस मामले पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने भी कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने इसे व्यवस्था और नैतिक मूल्यों की विफलता करार दिया। भूमि ने सवाल उठाया था कि आखिर अब तक हम ऐसा डर क्यों नहीं पैदा कर पाए, जिससे इस तरह के अपराध करने वालों को लगे कि वो बच नहीं सकते। उन्होंने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि इतनी कम उम्र में बच्चे इस स्तर की हिंसा में शामिल हो रहे हैं।

भूमि पेडनेकर ने ये भी कहा कि इस घटना में सिर्फ पीड़िता ही नहीं, बल्कि आरोपी बच्चे भी कहीं न कहीं हालात के शिकार हैं। जिस वातावरण में वो पले-बढ़े होंगे, उसने उन्हें इस रास्ते पर धकेला होगा। उन्होंने देश से जागने की अपील करते हुए कहा कि जब तक हम बच्चों की सुरक्षा और परवरिश को गंभीरता से नहीं लेंगे, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।

Updated on:
02 Feb 2026 05:09 pm
Published on:
02 Feb 2026 05:09 pm