
Tamannaah Bhatia Vvaan: बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'द वन' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान तमन्ना ने शूटिंग से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने उन्हें भावुक कर दिया था। मुंबई में आयोजित ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म के ‘छठी मैया’ गाने की शूटिंग करते समय उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। उनके मुताबिक इस गाने ने उन्हें छठ पर्व की परंपराओं और उससे जुड़े विश्वास को पहले से ज्यादा करीब से समझने का अवसर दिया।
मुंबई में पली-बढ़ीं तमन्ना को छठ के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि बचपन में वह जुहू बीच पर छठ के दौरान उमड़ने वाली बड़ी भीड़ जरूर देखती थीं, लेकिन इस पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को वह अच्छी तरह नहीं जानती थीं। फिल्म के लिए इस सीक्वेंस की शूटिंग करने के बाद उन्हें छठ की कठिन साधना और उसके महत्व को समझने का मौका मिला।
तमन्ना ने छठ व्रत की कठिनाई का जिक्र करते हुए बताया कि इस दौरान लोग करीब 36 घंटे तक बिना पानी के रहते हैं और छठी मैया की पूजा करते हैं। अभिनेत्री ने कहा कि आज के दौर में लोग आभार और मेनिफेस्टेशन जैसी बातों को काफी सुनते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि बिहार की संस्कृति में छठ इन भावनाओं को एक बेहद खूबसूरत तरीके से सामने रखता है।
अभिनेत्री ने छठ की एक खास परंपरा का भी जिक्र किया। आमतौर पर लोग उगते हुए सूर्य को सम्मान देते हैं, लेकिन छठ पूजा में डूबते हुए सूर्य को भी उसी श्रद्धा के साथ अर्घ्य दिया जाता है। तमन्ना ने कहा कि जब उन्होंने फिल्म के लिए इसी दृश्य को कैमरे के सामने निभाया तो वह भावुक हो गईं।
तमन्ना ने अपने अनुभव को बताते हुए कहा कि कलाकारों को अक्सर लगता है कि वह किसी दृश्य को सिर्फ अभिनय के जरिए प्रस्तुत कर रहे हैं। लेकिन कुछ पल ऐसे होते हैं जब कलाकार खुद उन भावनाओं को महसूस करने लगता है। उनके अनुसार, उस शूट के दौरान उन्हें ऐसा ही कुछ महसूस हुआ।
तमन्ना ने यह भी कहा कि फिल्मों का मकसद सिर्फ कहानी सुनाना नहीं, बल्कि दर्शकों को किसी भावना से जोड़ना भी होता है। उनके लिए ‘छठी मैया’ गाने का सीक्वेंस इसी वजह से खास बन गया।
अभिनेत्री ने बताया कि इस गाने के जरिए उन्हें फिल्म के एक महत्वपूर्ण हिस्से का हिस्सा बनने का मौका मिला। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में जब लोग छठ का त्योहार मनाएंगे, तो इस गाने की धुन भी कहीं न कहीं सुनाई देगी। इसी वजह से वह इसे अपने अभिनय करियर के लिए बेहद खास मानती हैं।
'वीवान' में लोककथा, फैंटेसी और रोमांस का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म में तमन्ना भाटिया के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है और इसकी कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है। फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स ने TVF और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। फिल्म के निर्माता शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी हैं।