
Vidyut Jammwal Supports Tiger Shroff: टाइगर श्रॉफ के साथ हुई के साथ हुई फायरिंग की घटना के बाद कई सेलिब्रिटीज उनके समर्थन में सामने आए हैं। अब विद्युत जामवाल ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने टाइगर को बहादुर बताया और सवाल उठाया कि जो लोग इस हमले के गवाह थे, उन्होंने मदद के लिए कदम क्यों नहीं बढ़ाया? उन्होंने मुंबई पुलिस से यह भी अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि ऐसी घटना दोबारा न हो।
वीडियो में विद्युत ने कहा, "टाइगर श्रॉफ, आप सबसे बहादुर और निडर इंसान हैं। लेकिन मैं आपके फैंस से कहना चाहता हूं कि जो लोग आपको फुटबॉल खेलते देखने जाते हैं और कहते हैं कि 'मैं आपका सबसे बड़ा फैन हूं', उन्हें कुछ न कुछ करना चाहिए था। वहां इतने सारे लोग थे, उनमें से किसी को हमलावरों को पकड़ना चाहिए था या उनके पीछे भागना चाहिए था।"
एक्टर ने आगे कहा, "मुंबई पुलिस, आप उन्हें सुरक्षा तो दे देंगे, लेकिन ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। अगर ऐसी गलती फिर से होती है, तो इसके लिए आप ही जिम्मेदार होंगे।" विद्युत ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "और टाइगर, 'बजरंग बाण' आपका पसंदीदा है, है ना? जब भी मैं बहुत अकेला महसूस करता हूं, तो मैं इसे सुनता हूं, और मुझे पता है कि आप भी इसे सुनते हैं। लव यू, भाई!"
उन्होंने कैप्शन में लिखा, "हम जानते हैं कि हमारे देश में बहुत कुछ हो रहा है। कभी हम अपनी आवाज उठा सकते हैं, कभी नहीं, लेकिन हम अपने तरीके से कुछ न कुछ जरूर करते हैं। लेकिन जब हम सड़क पर किसी को परेशान होते या उन पर हमला होते देखते हैं (चाहे वह महिला हो या पुरुष), तो हम बस खड़े होकर क्यों देखते रहते हैं? हममें से कोई एक इंसान के तौर पर आगे क्यों नहीं आ सकता? हमें सिर्फ तमाशबीनों की नहीं, बल्कि असली हीरो की जरूरत है।"
बता दें कि 18 अक्टूबर (रविवार) शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हमलावरों ने बागी एक्टर टाइगर श्रॉफ पर उस टाइम हमला किया, जब वो फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे और तीन अज्ञात हमलावरों ने एक्टर की कार पर फायरिंग कर दी। हालांकि, टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हो गया।