
जी हां हम बात कर रहे हैं WWE की दुनिया के स्टार द ग्रेट खली की। खली का असली नाम दलीप सिंह राणा है। वह आज अपना 46वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। उनका जन्म 27 अगस्त 1972 को हिमाचल प्रदेश के धिरैना में हुआ था। उन्होंने साल 2001 में रेसलिंग के दौरान ब्रायन ओंग नाम के एक रेसलर को इतनी जोर से मार दिया था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद प्रमोशनल कंपनी ने ब्रायन के परिवार को 1.3 मिलियन डॉलर का मुआवजा दिया था। बहरहाल, खली बॉलीवुड और हॉलीवुड की कई फिल्मों में काम कर चुके हैं।
इन फिल्मों में कर चुके हैं काम
द ग्रेट खली WWE में नाम कमाने के बाद बॉलीवुड की कई फिल्मों में अपना योगदान दे चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले बॉलीवुड की फिल्म 'कुश्ती' की थी। इसमें उनके साथ राजपाल यादव, ओम पूरी जैसे बड़े अभिनेता ने काम किया था। इस फिल्म की कहानी काफी दिलचस्प थी क्योंकि राजपाल यादव एक लड़की से प्यार करते थे और अपनी मोहब्बत को पाने के लिए उन्हें खली से मुकाबला करना था। फिल्म के अंत में राजपाल यादव और खली का मैच दिखाया गया था। इसके अलावा खली ने बॉलीवुड में फिल्म 'रामा द सर्वाइवर' में भी काम किया है साथ ही वह हॉलीवुड की कई फिल्मों 'द लॉन्गेस्ट यार्ड', 'गेट स्मार्ट' , 'मैकग्रबर' में देखे जा चुके हैं। वहीं वह भारत के रियलिटी शो 'बिग बॉस' में भी नजर आए थे।
इस रेसलर को दे चुके हैं मात
खली कभी हार नहीं मानने वाले रेसलर अंडरटेकर को भी धूल चटा चुके हैं। बता दें कि वह रेसलिंग में आने से पहले पंजाब पुलिस में काम करते थे। उन्होंने साल 2006 में इंटरनेशनल रेसलिंग की दुनिया में कदम रखा था। साल 2008 में 7 फुट 3 इंच लंबे खली पूरी दुनिया में मशहूर हो गए थे।