बदायूं

सबका कर्ज माफ करेगी सरकार, सात तारीख के चुनाव में भाजपा का सफाया तय, बदायूं में गरजे अखिलेश यादव

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बदायूं में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार सबका कर्ज माफ करेगी। सात तारीख के मतदान में भाजपा का सफाया हो जाएगा।

3 min read
May 04, 2024

Akhilesh Yadav Public Meeting in Budaun: लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बदायूं में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार सबका कर्ज माफ करेगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सात तारीख का चुनाव भाजपा को सात समंदर दूर फेंक देगा। यह तीसरा चरण उनका सफाया करने जा रहा है। अखिलेश यादव शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के मतदान को लेकर बदायूं में सपा उम्मीदवार आदित्य यादव के लिए जनसभा कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने भाजपा से बताया संविधान को खतरा

उन्होंने कहा कि इस बार बदायूं की जनता रिकॉर्ड बनाकर जीत दिलाएगी। सपा के आंदोलन से बहुत सारे लोग जुड़ गए हैं। सबसे ज्यादा वोटों से आप लोग हमें जिता रहे हैं। हमारा-आपका चुनाव 7 तारीख को है। आप लोगों का बहुत सहयोग मिल रहा है। यह सात तारीख का चुनाव, ये भाजपा को 7 समुंदर दूर फेंक देगा।

उन्होंने कहा कि वो लोग बाबा साहब के संविधान में छेड़खानी कर खत्म करना चाहते हैं, जो संविधान खत्म करना चाहेंगे, उन्हें सत्ता से बाहर निकालने का काम जनता करने वाली है। हमें कोरोना में वैक्सीन लगवा दी। एक तरफ संविधान को खतरा दूसरी तरफ जान को खतरा।

अग्निवीर योजना के सहारे भाजपा पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि अग्निवीर में कोई शहीद होगा तो उसको वो सम्मान नहीं मिलेगा। इस सरकार में जितनी भी शहादत होगी, उन्हें वो सम्मान नहीं मिलेगा। वैक्सीन की सूचना तो पढ़ ली होगी आपने। उनको हार से लेकर कई चिंताएं करनी पड़ेंगी। हम सरकार से कहना चाहते हैं कि जिन लोगों को वैक्सीन लगवाई है, उनकी जांच और ईसीजी फ्री होना चाहिए। इस सरकार ने किसान व नौजवानों को धोखा दिया है, बल्कि वैक्सीन के नाम पर भी धोखा दिया है।

किसानों की आय दोगुनी नहीं कर सकी भाजपा सरकारः अखिलेश

सपा मुखिया ने कहा कि जो लोग कहते थे कि आय दोगुनी कर देंगे, वही लोग तीन काले कानून लाए थे। उनकी साजिश थी किसानों के जमीन पर कब्जा कर लें और पैदावार भी छीन लें, लेकिन किसान दिल्ली डट गए और सरकार को कानून वापस लेने पड़े लेकिन अभी लड़ाई खत्म नहीं हुई है।

अखिलेश ने कहा कि यह वही लोग हैं जो एमएसपी की गारंटी नहीं दे रहे हैं। सरकार बनने के बाद एमएसपी का कानूनी हक दिलाएंगे। इन्होंने वादा किया था कि किसानों का कर्ज माफ होगा लेकिन उद्योगपतियों का कर्ज तो माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो सबका कर्ज माफ होगा। अखिलेश यादव ने कोविड वैक्सीन को लेकर भी भाजपा पर सियासी वार किए। कहा कि इस सरकार से सिर्फ संविधान को ही नहीं, हमारी आपकी जान को भी खतरा है।

समाजवादी पार्टी के इन नेताओं ने भी किया संबोधित

सपा के महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, सपा प्रत्याशी आदित्य यादव आदि नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया। चुनावी सभा में सपा के महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी के अलावा राज्यसभा के पूर्व सदस्य वीरपाल सिंह यादव, सहसवान के विधायक बृजेश यादव, शेखूपुरा के विधायक हिमांशु यादव, सपा नेता लक्ष्मण यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव, जावेद आब्दी, आशीष यादव, सहसवान नगर पालिका के चेयरमैन बाबर मियां, पूर्व ब्लाक प्रमुख सतीश यादव, मांगेराम कश्यप, नवाब सिंह आदि मौजूद रहे।

Also Read
View All

अगली खबर