बदायूं

दो मासूम बच्चों का बाप जिंदा जला, सिर नीचे गिरा-धड़ तारों में फंसा, शटडाउन के बाद भी अचानक आई बिजली

Budaun News : उत्तर प्रदेश के बदायूं में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही। वजीरगंज में शटडाउन के बाद अचानक करंट आने से युवक की खंभे पर ही जलकर मौत। सिर धड़ से अलग होकर नीचे गिरा। परिजनों का लाइनमैन पर गंभीर आरोप।

2 min read
बदायूं में लाइनमैन की जलकर मौत, PC- X

बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि करंट लगते ही युवक का सिर तारों में फंसकर धड़ से अलग हो गया और नीचे गिर पड़ा, जबकि उसका धड़ बिजली के तारों में उलझा हुआ धू-धू कर जलता रहा। युवक चीख-चीखकर मदद मांगता रहा, लेकिन जब तक बिजली की लाइन काटी गई, तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वजीरगंज थाना क्षेत्र के धीमरपुर (धिमरपुरा) गांव में हुई। मृतक की पहचान अरविंद (30 वर्ष) के रूप में हुई है। अरविंद गांव के रजपाल के बेटे थे। वे खेती-किसानी के साथ-साथ बिजली संबंधी छोटे-मोटे काम भी करते थे, खासकर प्राइवेट ट्यूबवेल की लाइन शिफ्टिंग का काम।

ये भी पढ़ें

हाईवे पर झाड़ियों में मिला संदूक, अंदर रस्सी से बंधी थी महिला की लाश, सीन देख पुलिस के उड़े होश

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव का ही लाइनमैन यशवीर अरविंद के पास आया और उसे बुलाकर ले गया। लाइनमैन ने शटडाउन (लाइन बंद) लेने की बात कही और अरविंद को हाईटेंशन लाइन वाले बिजली के खंभे पर चढ़ा दिया। अरविंद खंभे पर चढ़कर फॉल्ट चेक कर रहा था। इसी दौरान अचानक तारों में बिजली दौड़ गई। किसी ने शटडाउन को ऑन कर दिया था।

करंट लगते ही बिगड़ा संतुलन

करंट लगते ही अरविंद का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे तारों पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट का झटका इतना तेज था कि युवक के शरीर में तुरंत आग लग गई। उसका सिर तारों में फंस गया और देखते-ही-देखते जलने लगा। युवक जोर-जोर से चिल्लाता रहा, लेकिन लोग बेबस थे। जब तक बिजली विभाग ने लाइन काटी, युवक बुरी तरह जल चुका था। उसका सिर धड़ से अलग होकर नीचे गिर पड़ा, जबकि धड़ तारों में फंसा हुआ जलता रहा।

परिजनों का आरोप

अरविंद के बड़े भाई देवेंद्र और अन्य परिजनों ने बताया कि युवक की शादी 8 साल पहले अनीता से हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं बेटी शिल्पी (7 वर्ष) और बेटा आशीष (5 वर्ष)। घर में 8 बीघा जमीन है, दोनों भाई मिलकर खेती करते थे। अरविंद बिजली का काम जानते थे, इसलिए गांव वाले उन्हें बुलाकर काम करवाते थे।

परिजनों का सीधा आरोप है कि लाइनमैन यशवीर ने शटडाउन लेकर अरविंद को पोल पर चढ़ाया था, लेकिन लाइन अचानक चालू कर दी गई। पत्नी अनीता और मां राजो घटनास्थल पर पहुंचकर रोते-चिल्लाते लोगों से मदद की भीख मांगती रहीं। सिर अलग होते देख दोनों बेसुध हो गईं।

अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश

एक्सईएन नरेंद्र ने बताया कि बिजलीघर दिसौलीगंज के लिए ज्ञानेंद्र नाम के व्यक्ति ने शटडाउन लिया था। उन्होंने कहा, 'बाहरी युवक (अरविंद) हाईटेंशन लाइन पर बिना अनुमति के कैसे चढ़ गया, इसकी पूरी जांच कराई जाएगी।'

वजीरगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को तारों से नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी धड़ को उतारा नहीं जा सका था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सीओ बिसौली संजीव कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे।

परिवार कर रहा मुआवजे की मांग

अरविंद के परिवार पर भारी संकट आ गया है। दो छोटे बच्चों की देखभाल और खेती-किसानी अब परिवार के लिए चुनौती बन गई है। परिजन बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गुस्से में हैं और उचित मुआवजा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें

शिक्षा विभाग का करोड़पति चपरासी, तीन पत्नियां, तीनों के अकाउंट में करोंडो रुपए, 5.28 करोड़ का किया घोटाला
Published on:
17 Apr 2026 04:41 pm
Also Read
View All