बसपा के पूर्व बुलंदशहर विधायक हाजी अलीम की हार्ट अटैक से मौत हो गई, वह अपने बुलंदशहर स्थित आवास पर कमरे में अकेले थे
बुलंदशहर। लोकसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लिए एक बुरी खबर आई है। बसपा के पूर्व बुलंदशहर विधायक हाजी अलीम की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह अपने बुलंदशहर स्थित आवास पर कमरे में अकेले थे। इससे हाजी अलीम के परिजनों और बसपा नेताओं में कोहराम मच गया।
हार्ट अटैक बताई जा रही है वजह
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर सदर सीट से विधायक रह चुके बाहुबली नेता हाजी अलीम की उनके घर में बुधवार सुबह मौत हो गई। हार्ट अटैक को इसका कारण बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में अकेले थे। करीब चार दिन बाद वह कहीं बाहर से घर पर आए थे। इससे हाजी अलीम के परिजनों में कोहराम मच गया। उनकी मौत की खबर सुनने के बाद बसपा व अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को इस पर भरोसा ही नहीं हो रहा था। उनके घर पर बसपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। उनके घर पर बसपा सुप्रीमो मायावती समेत अन्य बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
दो बार विधायक यह चुके हैं बुलंदशहर सदर विधानसभा सीट से
आपको बता दें कि हाजी अलीम बुलंदशहर सदर विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं। पहली बार वह 2002 के विधानसभा चुनाव में जीतकर विधायक बने थे। उनकी गिनती बसपा के मजबूत नेताओं में होती है। 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी पूर्व बाहुबली विधायक गुड्डू पंडित से काफी जुबानी जंग चली थी। उस चुनाव में उन्हें भाजपा के वीरेंद्र सिंह सिरोही से शिकस्त मिली थी। वर्ष 2013 में हाजी अलीम की पत्नी का कत्ल हो गया था। हाजी अलीम के भाई हाजी यूनुस ने पूर्वी दिल्ली से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन जीत नहीं पाए थे। फिलहाल उनका भाई इस समय ब्लॉक प्रमुख है।