
Anil Sharma BJP MLA: अनिल शर्मा शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली के मूल निवासी थे। वह करीब 63 वर्ष के थे। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे अनिल शर्मा का दिल्ली में उपचार चल रहा था। बुधवार दोपहर उनकी हालत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया।
अनिल शर्मा ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत स्थानीय स्तर से की थी। गांव सुरजावली में उन्हें कम उम्र में ही निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना गया था। उसके बाद, वे लगातार दूसरी बार ग्राम प्रधान बने।
वर्ष 2002 में अनिल शर्मा पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद 2007 में उन्होंने खुर्जा सीट से लगातार दूसरी बार बसपा के टिकट पर जीत दर्ज की। वर्ष 2012 में उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल शर्मा ने शिकारपुर विधानसभा सीट से अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की। वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से विधायक चुने गए। योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने एक बार फिर भाजपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।
लंबे राजनीतिक करियर में अनिल शर्मा ने ग्राम प्रधान से लेकर मंत्री और विधायक तक की जिम्मेदारियां संभालीं। उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक है।
परिजनों के मुताबिक, अनिल शर्मा वर्ष 2023 से कैंसर से पीड़ित थे। दिल्ली के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार दोपहर उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। भाजपा विधायक के निधन की खबर के बाद पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने शोक जताया। उनके निधन को भाजपा के लिए बुलंदशहर की राजनीति में बड़ी क्षति माना जा रहा है। अनिल शर्मा के निधन के बाद अब प्रदेश में 6 विधानसभा सीटें खाली हो गई हैं। इनमें तीन सीटें सपा, दो भाजपा और एक बसपा के खाते की हैं। इससे पहले, 5 अगस्त को बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया था।