बुलंदशहर

बुलंदशहर में ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने दी जान, गंग नहर पर खुद को मारी गोली

Constable Suicide In Bulandshahar: बुलंदशहर में लखावटी फैंटम पर तैनात एक सिपाही ने अपनी ही सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
2 min read
Jul 16, 2026
bulandshahar police
सिपाही सुधीर की फाइल फोटो।

Bulandshahar Constable Suicide: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र में तैनात एक सिपाही ने गुरुवार तड़के सरकारी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर एसएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथी के मुताबिक, सिपाही जिस लड़की को चाहता था उसकी एक महीने पहले शादी हो गई थी। इसके बाद से वह तनाव में रहता था।

करीब तीन महीने पहले हुई थी तैनाती

मृतक सिपाही की पहचान सुधीर ठाकुर (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आगरा के थाना इरादतनगर क्षेत्र के ग्राम संगेचा के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम जगवीर है। सुधीर वर्ष 2025 बैच के सिपाही थे और करीब तीन महीने पहले ही औरंगाबाद थाने में तैनात हुआ था। घटना के समय उसकी ड्यूटी लखावटी पुलिस चौकी पर लगी थी।

नहर पटरी पर पहुंचकर खुद को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, देर रात करीब तीन बजे सुधीर ठाकुर लखावटी स्थित मध्य गंग नहर की पटरी पर पहुंच गया। उसके पीछे साथी सिपाही सौरभ शर्मा भी वहां पहुंचा। बताया गया है कि सुधीर ने अपनी रायफल से एक हवाई फायर किया। इससे घबराकर सौरभ मौके से भागकर पुलिस चौकी पहुंचा और चौकी प्रभारी को घटना की जानकारी दी।

इसी बीच पुलिसकर्मी मौके की ओर रवाना हुए। साथियों और अधिकारियों को आता देख सुधीर ने रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी और सीओ सिटी प्रखर पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
16 Jul 2026 11:36 am
Published on:
16 Jul 2026 07:58 am