बुलंदशहर

कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित के घर में घुसकर हमला; तमंचे की नोक पर गला दबाया, दी गांव में नंगा घुमाने की धमकी

Bulandshahr News: बुलंदशहर में कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट, तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी और मंदिर के बक्से से 12 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानिए क्या है पूरा मामला।

2 min read
Feb 28, 2026
फोटो- कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित और प्रियंका गांधी

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित के घर में घुसकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पूनम ने अपने पड़ोसी दो भाइयों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

ये भी पढ़ें

केजरीवाल के समर्थन में अखिलेश यादव का हमला, बोले- आरोप इतना बड़ा नहीं हो सकता जो सच पर पर्दा डाल दे

शादी से लौटने के बाद शुरू हुआ विवाद

पूनम पंडित के अनुसार, वह एक दिन पहले अपने चाचा के साथ दनकौर से शादी समारोह से लौटी थीं। रास्ते में उन्हें पड़ोसी राजीव नशे की हालत में मिला। इंसानियत के नाते वह उसे घर लेकर आईं, खाना खिलाया और सुरक्षित उसके घर भिजवा दिया। लेकिन अगले दिन सुबह वही पड़ोसी अपने भाई के साथ उनके घर पहुंच गया और सोने की चेन गायब होने का आरोप लगाने लगाया।

तमंचे की नोक पर हमला

पूनम का कहना है कि आरोपों को नकारने पर दोनों भाइयों ने हिंसक रुख अपना लिया। आरोप है कि एक ने उनके सिर पर तमंचा रख दिया, जबकि दूसरे ने उनका गला दबाया। घर में मौजूद उनकी बुजुर्ग मां और गर्भवती भाभी ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पूनम ने यह भी आरोप लगाया कि घर में रखे मंदिर के बक्से से करीब 12 हजार रुपये ले लिए गए।

धमकी और पुरानी रंजिश का दावा

घटना के तुरंत बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई। पूनम ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें गोली मारने और गांव में नंगा घुमाने की धमकी दी है। उन्होंने धमकी का ऑडियो रिकॉर्ड सुरक्षित रखकर पुलिस को सौंपा है। पूनम का यह भी कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही है, जो इस हमले की वजह हो सकती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और दूसरे की तलाश जारी है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूनम पंडित ने अपनी सुरक्षा की मांग की है और प्रशासन से न्याय की अपील की है।

पूनम पंडित कौन हैं?

पूनम पंडित उत्तर प्रदेश की कांग्रेस पार्टी की एक जमीनी राजनीतिक नेत्री हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव हैं और बुलंदशहर जिले की रहने वाली हैं। पूनम पंडित 2022 में स्याना विधानसभा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार भी रह चुकी हैं। उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत उन्होंने किसान नेतृत्व और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए की थी और बाद में कांग्रेस में शामिल होकर पार्टी के लिए प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क का काम किया।

Also Read
View All

अगली खबर