बुलंदशहर

बुलंदशहर में भतीजे ने चाचा को मार डाला, 55 लाख के लेनदेन विवाद में मारी गोली

Bulandshahr Murder Case: जब लंबे समय से बकाया 55 लाख रुपये नहीं मिले तो गुस्से में आए भतीजे ने चाचा के खेत पर कब्जा करना शुरू कर दिया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ कि भतीजे ने चाचा की हत्या कर दी। मामला उत्तर प्रदेश के बुलंद शहर का है।
2 min read
Jun 18, 2026
Bulandshahr News, UP Crime News, Murder in Bulandshahr, Khurja Nagar Kotwali, UP Crime News

Buland Shahr Crime News: उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र एक युवक ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बकाए को लेकर हुई। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को फोन कत्ल की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर से साक्ष्य एकत्रिकर कर जांच शुरू कर दी है।

जानें पूरा मामला

मामला क्वार्सी गांव का है। पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय बृजमोहन उर्फ गुड्डू पर आरोप है कि उन्होंने कुछ समय पहले अपने भतीजे कृष्णकांत उर्फ मलुआ शर्मा से 55 लाख रुपये उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली, जिससे दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। कृष्णकांत लगातार अपने पैसे लौटाने की मांग कर रहा था, लेकिन बृजमोहन भुगतान नहीं कर सके।

खेत पर विरोध करने पर मारी गोली

बताया जा रहा है कि बकाया रकम को लेकर नाराज कृष्णकांत ने बृजमोहन की कृषि भूमि पर ट्रैक्टर चलाकर जुताई शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने पर बृजमोहन मौके पर पहुंचे और इसका विरोध जताया। इसी दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसने बाद में गंभीर विवाद का रूप ले लिया। इस दौरान कृष्णकांत ने अवैध हथियार से बृजमोहन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

112 नंबर पर डायल कर खुद बुलाई पुलिस

आरोपी भतीजे कृष्णकांत ने भागने के बजाय खुद 112 नंबर पर डायल किया और पुलिस को इस पूरी वारदात की सूचना भी दी। इसके बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया।

फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी

दिनदहाड़े हुई इस वारदात की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पीआरवी, स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की।

पुलिस के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।।