वेस्ट यूपी के बुलंदशहर, अलीगढ़ और हाथरस ज़िले में इंडियन ऑयल व अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड संयुक्त रूप से 970 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
बुलंदशहर। बुलंदशहर समेत वेस्ट यूपी के अलीगढ़ और हाथरस में बढ़ते वायु प्रदूषण से छुटकारा मिलने की संभावना नजर आ रही है। साथ ही इन जिलों में सीएनजी और पीएनजी का संकट भी खत्म होने जा रहा है। दरअसल, वेस्ट यूपी के बुलंदशहर, अलीगढ़ और हाथरस ज़िले में इंडियन ऑयल व अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड संयुक्त रूप से 970 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इन तीन जनपदों में 1.43 लाख घरेलू पीएनजी कनेक्शन, 46 सीएनजी पंप आवंटन के साथ 1662 कि.मी. पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।
परियोजना का शिलान्यास 22 नवंबर को बुलंदशहर के नुमाइश ग्राउंड में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह होंगे जबकि बुलंदशहर सांसद भोला सिंह और सदर विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं पीएम मोदी गैस वितरण परियारेजना का दिल्ली विज्ञान भवन से शिलान्यास करेंगे।
पीएम मोदी इंडियन ऑयल और अडानी गैस की संयुक्त परियोजना की शुरूआत बुलंदशहर, अलीगढ़ और हाथरस समेत देश के 129 जिलों में शुरू करेंगे। इससे न सिर्फ आम आदमी को पेट्रोल/ डीजल के मुकाबले सस्ता ईंधन मिलेगा, बल्कि काफी हद तक पर्यावरण को भी दूषित होने से बचाया जा सकेगा।
बता दें कि इस परियोजना को 2026 तक पूरा किया जाएगा। इन्हीं आठ वर्षों में 129 जनपदों में 2.21 करोड़ घरेलू पीएनजी कनेक्शन, 4603 सीएनजी पंपों की स्थापना और 1.16 लाख कि.मी स्टील की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस पर करीब 70 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की प्लानिंग की जा रही है। इसकी जानकारी इंडियन ऑयल और अडानी गैस प्राइवेट लिमिटेड के जनरल मैनेजर एन.के वर्मा और उनकी टीम ने बुलंदशहर भूड़ चौराहा स्थित एक होटल में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए दी है।