बुलंदशहर

अवैध संबंध के शक में खूनी खेल: 10 दिन पहले मां बनी पत्नी और सगे पिता को डॉक्टर ने गोलियों से भूना, बुलंदशहर में दोहरा हत्याकांड

Double Murder Case Bulandshahr: बुलंदशहर के खुर्जा में अवैध संबंधों के शक में डॉक्टर मोबिन ने अपने पिता रियाजुद्दीन और 10 दिन पहले मां बनी पत्नी सना की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

2 min read
May 24, 2026
10 दिन पहले मां बनी पत्नी और सगे पिता को डॉक्टर ने गोलियों से भूना

Bulandshahr Double Murder:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के कलंदरगढ़ी गांव में पारिवारिक कलह और अवैध संबंधों के शक में एक सिरफिरे डॉक्टर ने अपने ही सगे पिता और महज 10 दिन पहले मां बनी अपनी नवविवाहित पत्नी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वारदात को अंजाम देकर हत्यारा डॉक्टर मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें

अंबाला में युवक ने अपने ही परिवार के लोगों पर चलाई दिन-दहाड़े गोली, तीन लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

10 दिन पहले गूंजी थी किलकारी, अब पसर गया मातम

पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कलंदरगढ़ी गांव का रहने वाला 26 वर्षीय मोबिन पेशे से डॉक्टर है और पास के ही सुदेशपुर गांव में अपनी निजी क्लीनिक चलाता है। मोबिन का विवाह करीब एक साल पहले सना (25 वर्ष) नाम की युवती के साथ हुआ था। घर में खुशियों का माहौल था क्योंकि महज 10 दिन पहले ही सना ने एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस घर में बच्चे की किलकारी गूंजी है, वहां इतना भयानक खूनखराबा होने वाला है। मृतक पिता की पहचान रियाजुद्दीन के रूप में हुई है, जो इलाके में वेल्डिंग और प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करते थे।

उजाड़ दिया अपना ही हंसता-खेलता परिवार

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर मोबिन को अपनी पत्नी सना और सगे पिता रियाजुद्दीन के बीच अवैध संबंधों का गहरा शक था। इसी मानसिक सनक और शक की वजह से आए दिन घर में हिंसक विवाद और गृहक्लेश होता रहता था। शनिवार-रविवार के दरमियान इसी बात को लेकर घर में एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मोबिन ने अपना आपा खो दिया और घर में रखा अवैध तमंचा निकालकर अपने पिता और पत्नी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

पिता की मौके पर मौत, अस्पताल में पत्नी ने भी तोड़ा दम

सन्नाटे को चीरती हुई जब गोलियों की आवाज गूंजी, तो मोबिन का चचेरा भाई शमशाद और आसपास के पड़ोसी बदहवास होकर घर की तरफ भागे। लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी मोबिन खून से सना तमंचा लहराते हुए वहां से फरार हो चुका था। कमरे के भीतर का मंजर खौफनाक था। गोली सीधे सिर और सीने में लगने के कारण पिता रियाजुद्दीन की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सना को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। महज 10 दिन का नवजात बच्चा अब पूरी तरह अनाथ हो चुका है।

आरोपी डॉक्टर की तलाश में दबिश जारी

एक ही घर में दो हत्याओं की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ जिले के आला अधिकारी फॉरेंसिक टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारी का बयान

मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात (SP Rural) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पारिवारिक रंजिश और शक के चलते इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। मृतका के मायके वालों और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारे डॉक्टर मोबिन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Also Read
View All