बुलंदशहर

प्रेमी की शादी रुकवाने पहुचीं प्रेमिका को जिंदा जलाया… मां ने बताई दिल दहला देने वाली दास्तान

प्रेमी की शादी होने की बात सुनकर प्रेमिका सीधे उसके घर पहुंच गई। इस दौरान युवक से उसका विवाद होने लगा। जिसके बाद उसे जिंदा जलाने की कोशिश की गई। गंभीर हालत में जिंदगी से जूझ रही बेटी के मां की दर्दभरी कहानी सुनकर हर कोई सन्न है।

2 min read
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में प्रेम संबंध का बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अपने बॉयफ्रेंड से मिलने पहुंची एक युवती को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि युवक की शादी कहीं और तय होने से नाराज युवती उसके घर पहुंची थी। जहां विवाद के दौरान उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। यहां एक युवती को उसके प्रेमी के घर बुलाने के बाद जिंदा जलाने की कोशिश की गई। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

3 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग, दोनों परिवार को थी जानकारी

जानकारी के मुताबिक, शिकारपुर इलाके की रहने वाली 20 वर्षीय युवती एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। उसका सालवानपुर गांव के रहने वाले आशीष नाम के युवक से पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवारों को भी थी। पहले शादी के लिए सहमति भी बन गई थी।

प्रेमी ने खुद फोन करके प्रेमिका को बताई अपने शादी की बात

लेकिन कुछ समय पहले युवक के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। शनिवार को आशीष ने खुद युवती को फोन कर अपनी सगाई की बात बताई। यह सुनकर वह उससे मिलने सीधे उसके गांव पहुंच गई। वहां दोनों के बीच इस बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोप है कि युवक के भाई विवेक ने गुस्से में आकर कशिश पर पेट्रोल डाल दिया। और आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। युवती की चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। किसी तरह आग बुझाई।

नायब तहसीलदार ने दर्ज किया पीड़िता का बयान

गंभीर रूप से झुलसी कशिश ने अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में नायब तहसीलदार ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। डॉक्टरों के मुताबिक, युवती करीब 45 प्रतिशत तक जल चुकी है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश की जा रही जल्द होगी गिरफ्तारी

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि युवक ने ही उनकी बेटी को बुलाया था। और फिर उसके साथ यह खौफनाक घटना की गई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
25 Apr 2026 10:29 pm
Also Read
View All