बुलंदशहर

साथ रहो… की जिद बनी मौत, प्रेमी ने दोस्त संग प्रेमिका का सिर कर दिया धड़ से अलग

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शादी का दबाव बना रही प्रेमिका की प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला का सिर धड़ से अलग कर अलग-अलग जगह फेंक दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके। आठ दिन बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Mar 23, 2026
murder news
पुलिस गिरफ्त में हत्या के दोनों आरोपी।

नरसेना थाना क्षेत्र के घुघरावली रजवाहे के पास 15 मार्च को एक खेत में महिला का सिर कटा शव मिला था। करीब 300 मीटर दूर उसका सिर भी बरामद हुआ। महिला के हाथ पर ‘बबली’ नाम का टैटू मिला, लेकिन इससे भी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीमें गठित कीं और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए।

CCTV से खुला राज

करीब 20 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच में दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस ने उन्हें ट्रैक कर विकास (27) और उसके दोस्त अमन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की पूरी साजिश और वारदात कबूल कर ली।

पति के जरिए हुई पहचान, फिर शुरू हुआ अफेयर

पुलिस के मुताबिक, मृतका बबली (40) दिल्ली की रहने वाली थी। उसका पति अजय कुमार दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में आरोपी विकास के साथ काम करता था। इसी दौरान विकास का बबली के घर आना-जाना शुरू हुआ और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

कुछ समय बाद बबली विकास पर साथ रहने और शादी करने का दबाव बनाने लगी, जिससे वह परेशान हो गया। उसने अपने दोस्त अमन के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

बलकटी से काटा सिर

घटना वाले दिन विकास और अमन पहले से ही गेहूं के खेत में पहुंच गए और वहां शराब पी। फिर उन्होंने बबली को मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर उसे भी शराब पिलाई। इसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ और बबली ने फिर साथ रहने की जिद की।

गुस्से में विकास ने बलकटी से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए सिर और धड़ को अलग-अलग जगह फेंक दिया और दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई बलकटी, दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद कर ली है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

13 साल छोटे प्रेमी के साथ था रिश्ता

पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास अविवाहित था और मृतका उससे 13 साल बड़ी थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध था। महिला शादी करने और साथ रहने का दबाव बनाने लगी। इसके बाद आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी।

Updated on:
23 Mar 2026 03:58 pm
Published on:
23 Mar 2026 03:58 pm