बुलंदशहर

जिम में मौत का तांडव! 3 की दर्दनाक मौत: बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान हुआ बड़ा कांड, बुलंदशहर में तड़ातड़ चली गोलियां

Friends Shot Dead In Bloody Clash: जन्मदिन की पार्टी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। जिम के अंदर गोली लगने से 3 दोस्तों की मौत हो गई। जानिए पूरा मामला क्या है?

2 min read
three friends shot dead in bloody clash at a birthday party in bulandshahr uttar pradesh
जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Friends Shot Dead In Bloody Clash:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के नेहरुपुर चुंगी स्थित सुभाष रोड पर जिम के अंदर चल रही पार्टी में फायरिंग हो गई, जिसमें 3 युवकों की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

केक लगाने के मजाक से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, जिम में दोस्तों के बीच जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। केक काटने के बाद एक-दूसरे के चेहरे पर केक लगाने और मजाक-मस्ती के दौरान विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि मामूली नोकझोंक धीरे-धीरे कहासुनी में बदली और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। किसी ने नहीं सोचा था कि मजाक में शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी रूप ले लेगा।

जिम के अंदर चली कई राउंड फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि जिम के अंदर गोलियां चलने लगीं। कई राउंड फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस गोलीबारी में तीन युवकों को सिर में गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।

वारदात के बाद इलाके में हड़कंप

फायरिंग और 3 मौतों की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते जिम के बाहर भीड़ लग गई और तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने में जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

छह टीमें गठित, आरोपियों की तलाश जारी

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले की रंजिश, अचानक विवाद और अन्य संभावित एंगल से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह केक को लेकर शुरू हुई कहासुनी बताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है। जन्मदिन की पार्टी में हुई इस खूनी वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।