बुलंदशहर

रंगों की जगह बहा खून! पूजा कर लौट रहे युवक के सिर में मारी गोली, इलाके में तनाव

बुलंदशहर में पूजा कर लौट रहे बाइक सवार युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और इलाके में दहशत का माहौल है।

2 min read
Mar 04, 2026
young man returning from worship was shot head in Bulandshahr

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दरअसल, यहां पर पूजा कर लौट रहे एक बाइक सवार युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया, जबकि इलाके में दहशत का माहौल है।

आपको बता दें कि पूरी घटना जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र की है। मृतक शख्स की पहचान गांव जौली निवासी 35 वर्षीय अनिल, पुत्र तेजवीर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अनिल सुबह बाइक से सिकंदराबाद–ककोड़ रोड स्थित मंदिर में पूजा करने गए थे। करीब नौ बजे परिवार को सूचना मिली कि वह चामड़ मंदिर के पास सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़े हैं और उनकी बाइक पास में ही खड़ी है। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और अनिल को इलाज के लिए सिकंदराबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि अनिल के सिर में गोली लगी थी। हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और लोगों में रोष बढ़ गया।

डेयरी में काम करता था मृतक

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया और स्थिति को संभालते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया गया कि अनिल सिकंदराबाद की एक डेयरी में काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों बच्चे अभी छोटे हैं।

सीसीटीवी के सहारे सुराग तलाश रही पुलिस

वहीं, इस पूरी घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि घटना के जल्द खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस मामले में भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Published on:
04 Mar 2026 02:12 pm