बूंदी

रंजिश के चलते लाठियों से पीटकर बुजुर्ग की हत्या, घटना के बाद पूरे इलाके में फैली सनसनी

पुरानी रंजिश के चलते रविवार को कुछ लोगों ने इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के बालापुरा निवासी गिरधारी रेबारी (55) की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
less than 1 minute read
Nov 24, 2019
रंजिश के चलते लाठियों से पीटकर बुजुर्ग की हत्या, घटना के बाद पूरे इलाके में फैली सनसनी

बूंदी। पुरानी रंजिश के चलते रविवार को कुछ लोगों ने इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के बालापुरा निवासी गिरधारी रेबारी 55 की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात बालापुरा से सुमेरगंज मंडी के बीच हिम्मतपुरा गांव के पास मोड़ पर होना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बालापुरा गांव का गिरधारी रेबारी दोपहर करीब 12 बजे बालापुरा से मोटरसाइकिल पर सुमेरगंज मंडी की ओर आ रहा था कि रास्ते में चार पांच लोगों उस पर लाठियों से हमला कर दिया। अचानक हुई इस मारपीट से मृतक नीचे गिर गया।

इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने पर उसे घायल अवस्था में परिजन इंद्रगढ़ चिकित्सा लेकर आए जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे कोटा रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार करीब दो महीने पूर्व गिरधारी रेवारी सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने बालापुरा निवासी धर्मा उर्फ धर्मराज रेबारी के साथ सुमेरगंज मंडी में मारपीट कर दी थी। इसके बाद से ही दोनों गुटों में आपसी रंजिश का माहौल बना हुआ था।

माना जा रहा है कि रविवार को इसी गुट के लोगों ने योजना बनाकर गिरधारी रेवारी को घेर लिया और उसके साथ लाठियों से मारपीट कर उसे गंभीर घायल कर दिया जिसकी कोटा पहुंचने पर मौत हो गई। मृत्यु होने के बाद परिजन उसे लेकर शाम करीब 5 बजे लाखेरी पहुंच गए। उधर मृतक के गांव वह लाखेरी में पुलिस जमा हो गई।

Published on:
24 Nov 2019 06:17 pm