
Bundi Gendoli School : फोटो - AI
Rajasthan : राजस्थान के बूंदी जिले के गेण्डोली थाना क्षेत्र के काली तलाई गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शिक्षकों को निर्देश देना हेडमास्टर को भारी पड़ गया। विद्यालय के ही तीन शिक्षकों ने बच्चों के सामने हेडमास्टर तुलसीराम बैरवा के साथ लात-घूंसों, थप्पड़ों और डंडे से मारपीट की। इसके बाद उन्हें कमरे में ले जाकर गला दबाने का भी आरोप है। इस घटना के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पीड़ित हेडमास्टर गेण्डोली थाने पहुंचे और रिपोर्ट दी। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर तीन शिक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं, पीड़ित का खटकड़ चिकित्सालय में मेडिकल मुआयना कराया गया है।
थानाधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि हेडमास्टर तुलसीराम बैरवा ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने बूंदी जिले के गेण्डोली थाना क्षेत्र के काली तलाई गांव स्थित विद्यालय में कार्यरत शिक्षक मुकट बिहारी को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए थे। आरोप है कि निर्देश से नाराज होकर शिक्षक ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार मीणा डंडा लेकर मौके पर पहुंचा और बच्चों के सामने ही हेडमास्टर के साथ लात-थप्पड़ों और डंडे से मारपीट करने लगा। रिपोर्ट के अनुसार शिक्षक हरिशंकर मीणा ने भी हेडमास्टर के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान हेडमास्टर का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान विद्यालय में मौजूद अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौके पर थे, लेकिन किसी ने हेडमास्टर को छुड़ाने का प्रयास नहीं किया। बच्चों के सामने हुई मारपीट से विद्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हेडमास्टर की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट में विद्यालय में शिक्षकों के साथ लंबे समय से मनमुटाव होने की बात भी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार तुलसीराम बैरवा करीब एक वर्ष से हेडमास्टर का चार्ज संभाल रहे हैं। आरोप है कि कुछ शिक्षक उनके निर्देशों का पालन नहीं करते थे। पूर्व में भी उनके साथ कथित रूप से बदतमीजी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं की जानकारी उच्चाधिकारियों को दिए जाने का भी दावा किया गया है।
घटना के बाद भी संबंधित पीईओ ओम प्रकाश और शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी। सीबीईओ के. पाटन मधु वर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
10 Aug 2026 09:54 pm
Published on:
10 Aug 2026 09:54 pm
